Home / शिक्षा / एसएमजेएन (पीजी) कॉलेज में ‘मेरे सपनों का भारत-विकसित भारत @2047’ भाषण प्रतियोगिता आयोजित…

एसएमजेएन (पीजी) कॉलेज में ‘मेरे सपनों का भारत-विकसित भारत @2047’ भाषण प्रतियोगिता आयोजित…

हरिद्वार। बुधवार को एसएमजेएन (पीजी) कॉलेज में ‘मेरे सपनों का भारत विकसित भारत @2047’ अभियान के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने अत्यंत उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को ‘विकसित भारत’ के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सहभागिता व भूमिका के प्रति जागरूक करना था।
प्रतियोगिता में विभिन्न संकायों एवं कक्षाओं के विद्यार्थियों ने वर्ष 2047 तक भारत को एक सशक्त, समृद्ध व विकसित राष्ट्र बनाने की अपनी परिकल्पना साझा की। वक्ताओं ने शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता, सामाजिक समानता, तकनीकी विकास तथा युवाओं की भागीदारी जैसे महत्त्वपूर्ण विषयों पर अपने ओजस्वी विचार व्यक्त किए।
भाषण प्रतियोगिता के परिणाम में प्रथम स्थान आरव सहगल, द्वितीय स्थान (संयुक्त) राशि एवं प्रियांशी चौधरी, तृतीय स्थान (संयुक्त) प्रियांशी सुमन एवं हेमंत अग्रवाल तथा सांत्वना पुरस्कार लक्ष्मी सैनी ने प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की महत्त्वपूर्ण भूमिका पूर्णिमा सुंदरियाल, मोना शर्मा एवं पल्लवी ने निभाई। वहीं कार्यक्रम के सफल संयोजन एवं संचालन में संयोजक मंडल की सरोज शर्मा, कविता छाबड़ा एवं अनुरीषा का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने विद्यार्थियों की एक और ऐतिहासिक उपलब्धि की जानकारी साझा करते हुए बताया कि ‘सूचना का अधिकार (RTI) दिवस’ के उपलक्ष्य में आयोजित ‘डॉ. आर. एस. तोलिया राज्य स्तरीय सूचना का अधिकार अधिनियम वाद-विवाद प्रतियोगिता’ में महाविद्यालय की दो छात्राओं— प्रिंसी राजपूत एवं अंशिका सिंह ने अपने उत्कृष्ट व प्रभावशाली प्रदर्शन के बल पर फाइनल राउंड में जगह बनाई।
लोक भवन, देहरादून में आयोजित गरिमामय समारोह में राज्यपाल ने दोनों मेधावी छात्राओं को ₹11,000 – ₹11,000 की पुरस्कार राशि के चेक प्रदान कर सम्मानित किया।
प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने सभी विजेताओं एवं उपलब्धि हासिल करने वाली छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि “युवा शक्ति ही सपनों के भारत की वास्तविक नींव है। इस प्रकार की गतिविधियों से विद्यार्थियों को अपनी अभिव्यक्ति और छिपी हुई प्रतिभा को निखारने का बेहतरीन मंच मिलता है। राज्य स्तरीय मंच पर हमारी छात्राओं की यह सफलता उनकी मेहनत, ज्ञान और आत्मविश्वास का परिचायक है, जो अन्य छात्र-छात्राओं को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा देगी। कॉलेज अपने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।”
इस संपूर्ण आयोजन ने युवाओं में राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने और विकसित भारत के लक्ष्य में सक्रिय योगदान देने की नई ऊर्जा का संचार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!