Home / राज्य / दु:खद: अंतिम संस्कार से लौट रहे ग्रामीणों की गाड़ी गिरी खाई में…

दु:खद: अंतिम संस्कार से लौट रहे ग्रामीणों की गाड़ी गिरी खाई में…

उत्तराखण्ड / टिहरी गढ़वाल। टिहरी गढ़वाल जनपद में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। चंबा-कोटी रोड पर अंतिम संस्कार से लौट रहे ग्रामीणों की गाड़ी गहरी खाई में गिर गई, जिसमें 08 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 02 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सभी ग्रामीण हरिद्वार में अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद अपने गांव घनसाली क्षेत्र के चकरेड़ा लौट रहे थे। इसी दौरान चंबा-कोटी मार्ग पर उनका वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी, एसएसपी और घनसाली विधायक भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। प्रशासन ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। इस हृदयविदारक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!