Home / राज्य / मोबाइल पर बजेगी खतरे की घंटी, घबराएं नहीं, शनिवार को होगा आपदा अलर्ट का ट्रायल…

मोबाइल पर बजेगी खतरे की घंटी, घबराएं नहीं, शनिवार को होगा आपदा अलर्ट का ट्रायल…

उत्तराखण्ड / देहरादून / हरिद्वार। उत्तराखण्ड में शनिवार 02 मई को मोबाइल फोन पर अचानक अलार्म जैसी तेज घंटी बज सकती है। लेकिन इसे लेकर घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि यह केवल एक परीक्षण (ट्रायल) होगा।
राज्य में आपातकालीन सूचना प्रणाली को और मजबूत बनाने के लिए 02 मई को सेल ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम के माध्यम से एक परीक्षण अलर्ट जारी किया जाएगा। इस दौरान लोगों के मोबाइल फोन पर अचानक तेज अलार्म के साथ एक संदेश प्राप्त हो सकता है।
यह परीक्षण उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य राज्य में स्थापित आपदा चेतावनी प्रणाली की कार्यक्षमता का आकलन करना है। साथ ही यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी आपदा की स्थिति में चेतावनी संदेश समय पर और व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंच सके।
प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस अलर्ट को केवल परीक्षण संदेश के रूप में ही लें और किसी भी प्रकार की घबराहट न फैलाएं। इस दौरान जनता से किसी भी प्रकार की कार्रवाई अपेक्षित नहीं है।
कैसा होगा संदेश:
अलर्ट में लोगों के मोबाइल पर यह संदेश दिखाई देगा…
“भारत द्वारा स्वदेशी तकनीक का उपयोग करते हुए अपने नागरिकों के लिए त्वरित आपदा चेतावनी सेवा हेतु सेल ब्रॉडकास्ट की शुरुआत की जा रही है। सतर्क नागरिक, सुरक्षित राष्ट्र। इस संदेश की प्राप्ति पर जनता से किसी प्रकार की कोई कार्रवाई अपेक्षित नहीं है। यह एक परीक्षण संदेश है।”
बता दें कि पिछले महीने भी इसी तरह का परीक्षण किया गया था, जिसमें अचानक मोबाइल पर अलार्म बजने से कई लोग घबरा गए थे। ऐसे में इस बार पहले से ही लोगों को जागरूक किया जा रहा है ताकि किसी तरह की अफवाह या डर की स्थिति न बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!