Home / शिक्षा / धर्मनगरी हरिद्वार में 06 दिवसीय तीरंदाजी महाकुंभ शुरू…

धर्मनगरी हरिद्वार में 06 दिवसीय तीरंदाजी महाकुंभ शुरू…

हरिद्वार। मंगलवार को धर्मनगरी हरिद्वार के एसएमजेएन पीजी कॉलेज में 06 दिवसीय राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ। आरजेके फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस ‘महाकुंभ’ में देश के 27 राज्यों से 700 से अधिक धनुर्धर अपने तीर-कमान के साथ दमखम दिखाने पहुंचे हैं। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद् एवं श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री महंत रविंद्र पुरी महाराज के संरक्षण और मार्गदर्शन में आयोजित हो रही इस चैंपियनशिप का समापन 21 जून को होगा।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि मेयर किरण जैसल, पुलिस अधीक्षक रेलवे अरुणा भारती एवं कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील बत्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति दी गई।
इस अवसर पर मेयर किरण जैसल ने कहा कि खेलों से युवाओं में राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव पैदा होता है, जिससे देश मजबूत होता है। हरिद्वार में इस चैंपियनशिप के आयोजन से स्थानीय युवाओं में तीरंदाजी के प्रति लगाव और बढ़ेगा।
एसपी रेलवे अरुणा भारती ने कहा कि खेलों से युवाओं का मानसिक और शारीरिक विकास होता है। पिछले एक दशक में युवाओं का रुझान खेलों की ओर तेजी से बढ़ा है और उत्तराखंड ने भी खेल जगत में बेहतरीन तरक्की की है।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील बत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ अभियान ने देश में खेलों के स्तर को ऊंचा उठाने का काम किया है, जिससे युवाओं को एक बेहतरीन मंच मिला है
आरजेके फाउंडेशन के निदेशक कुलदीप चौहान एवं रमेश प्रसाद ने बताया कि इस बार की चैंपियनशिप की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि स्वर्ण पदक (Gold Medal) जीतने वाले खिलाड़ियों को असली सोने का मेडल प्रदान किया जाएगा।
इस प्रतियोगिता को चार अलग-अलग आयु वर्गों में विभाजित किया गया है। आज पहले दिन अंडर-13 आयु वर्ग के मुकाबले खेले जा रहे हैं। प्रतियोगिता में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, झारखंड, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर सहित 27 राज्यों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इसका आयोजन उत्तराखंड तीरंदाजी फाउंडेशन एवं जिला हरिद्वार तीरंदाजी फाउंडेशन द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता फाउंडेशन के संरक्षक नरेश चौहान ने की, जबकि मंच संचालन डॉ. राधिका नागरथ और कंचन तनेजा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर पंचायती श्री आनंद अखाड़ा के महंत रचित गिरी और पंचदशनाम जूना अखाड़ा की महंत रजनी गिरी ने खिलाड़ियों को अपना आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम में डॉ. संजय माहेश्वरी, डॉ. शिव कुमार चौहान, विनय थपलियाल, डॉ. जे.सी. आर्य, और मोहन चन्द्र पांडे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बत्रा द्वारा सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!