बहुत ही कृपालु हैं न्याय के देवता शनिदेव -महंत कौशलपुरी।

हरिद्वार। कनखल स्थित काल भैरव मंदिर आशारोड़ी के परमाध्यक्ष महंत कौशलपुरी महाराज ने कहा कि भगवान शनिदेव न्याय के देवता हैं। उनके दर्शन करने मात्र से ही व्यक्ति का जीवन बदल जाता है। शनिवार को मंदिर में दर्शन पूजन करने आए श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए महंत कौशलपुरी महाराज ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में तीन बार साढ़ेसाती आती है। पहली बार बचपन में, दूसरी बार युवावस्था में और तीसरी बार वृद्धावस्था में। उन्होंने कहा कि शनिदेव ही साढ़ेसाती के संकट को दूर करते हैं। न्याय के देवता शनिदेव भगवान बहुत ही कृपालु हैं। श्रद्धापूर्वक उनकी पूजा अर्चना करने से साढ़ेसाती का संकट भी दूर हो जाता है। भगवान शनिदेव की कृपा से जीवन भवसागर से पार हो जाता है। उन्होंने बताया कि अमावस्या की रात में 08 बादाम और काजल की डिबिया को काले कपड़े में बांधकर अपनी तिजोरी में रख लें। ऐसा करने से शनिदेव की कृपा सदैव बनी रहती है और कारोबार में बरकत होती है। महंत कौशलपुरी महाराज ने कहा कि देवताओं के न्यायाधीश शनिदेव की लीला अपरंपार है। शनिदेव की पूजा करने से सकारात्मक फल की प्राप्ति होती है। इसलिए जीवन में सदैव सत्याचरण का पालन करते हुए सद्मार्ग पर चलें। गरीब, असहाय लोगों की मदद करें। नशे से दूर रहें और सात्विक आहार और व्यवहार का पालन करें। ऐसा करने से शनिदेव प्रसन्न होकर भक्तों का कल्याण करते हैं।

