
हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नवोदय नगर में श्रीराम लीला कमेटी सर्व समाज नवोदय नगर द्वारा आयोजित ऐतिहासिक रामलीला के रंगमंच पर प्रभु श्री राम के वनवास हेतु राजा दशरथ-कैकई संवाद, प्रभु श्रीराम की बारात और शबरी से संवाद मंचन किया गया, जिसे देखने बड़ी संख्या में प्रभु श्रीराम के भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान रामलीला के चौथे दिन मंच पर प्रस्तुत दृश्यों ने दर्शकों को पूरी तरह भावुक कर दिया।
मंच पर मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा, प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी, सोम त्यागी के पहुंचते ही पूरा प्रांगण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। समिति पदाधिकारियों और कलाकारों ने उनका भव्य स्वागत किया, आलोक शर्मा ने भी कलाकारों के आग्रह पर उनके साथ तस्वीरें खिंचवाकर उनका मनोबल बढ़ाया। साथ ही सभी देवी देवताओं के रूप में सभी कलाकारों को मिष्ठान का भोग लगाकर प्रभु का आशीर्वाद लिया।
मंच से अपने संबोधन में आलोक शर्मा ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु राम के आदर्शों पर चलना ही हम सभी का कर्तव्य है और जीवन के हर मोड़ पर हमें उनके बताए मार्ग का अनुसरण करने के लिए प्रतिबद्ध रहना चाहिए और उनके संस्कार, त्याग, तपस्या को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के मोबाइल और डिजिटल क्रांति के युग में प्रभु श्री राम की लीला को देखने आई भारी भीड़ से स्पष्ट है कि आज भी प्रभु श्रीराम के प्रति हमारी आस्था और विश्वास बहुत मजबूत है। इस अवसर पर रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने श्री आलोक शर्मा, मनोज सैनी और सोम त्यागी जी का अंगवस्त्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।
इस दौरान रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पवन सैनी, उपाध्यक्ष शैलेश यादव, कोषाध्यक्ष अमित अवस्थी, सह कोषाध्यक्ष कृष्णा यादव, महासचिव आशीष शर्मा, सचिव नंदलाल सिंह, मंच संचालक सचिन राणा, निर्देशक संतोष विश्वकर्मा, श्री व्यास पीठ के प्रमुख पंडित बलराम शुक्ल और मुख्य पुजारी दीपक शास्त्री मौजूद रहे।













