
हरिद्वार। गुरुवार को बीजेपी मध्य हरिद्वार मंडल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री हरिद्वार विधायक मदन कौशिक ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री और ‘भारत रत्न’ अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उन्हें नमन किया। कौशिक ने कहा कि अटल जी ने अपना संपूर्ण जीवन सुशासन और राष्ट्र निर्माण को समर्पित कर दिया और उनका व्यक्तित्व, कृतित्व व नेतृत्व देश के चहुंमुखी विकास के लिए सदैव पथ-प्रदर्शक बना रहेगा।
अटलजी का संपूर्ण जीवन सुशासन और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा
“देशवासियों के हृदय में बसे पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी जयंती पर पूरा देश आज उनको नमन कर रहा है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन सुशासन और राष्ट्र निर्माण को समर्पित कर दिया। वे प्रखर वक्ता होने के साथ-साथ ओजस्वी कवि के रूप में भी सदैव स्मरणीय रहेंगे। उनका व्यक्तित्व, कृतित्व और नेतृत्व देश के चहुंमुखी विकास के लिए पथ-प्रदर्शक बना रहेगा। ”वाजपेयी का जन्म 25 दिसंबर 1924 को ग्वालियर, मध्य प्रदेश में एक कान्यकुब्ज ब्राह्मण परिवार में हुआ था, उनकी माता कृष्णा देवी और पिता कृष्ण बिहारी वाजपेयी थे। नरेंद्र मोदी सरकार ने 2014 में घोषणा की कि वाजपेयी के जन्मदिन 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने कहा कि “अटल जी की वाणी सिर्फ भाजपा की आवाज नहीं थी, बल्कि एक समय ऐसा भी था जब अटलजी की वाणी भारत के सामान्य मानवीय आशाओं और आकांक्षाओं की वाणी बन चुकी थी। अटल जी बोल रहे हैं, मतलब देश बोल रहा है। वे अपनी भावनाओं को नहीं, बल्कि देश के जन-जन की भावनाओं को समेटकर उन्हें अभिव्यक्ति देते थे।” उन्होंने कहा कि
भारत को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनाना हो या सुशासन को चरितार्थ करना हो, उनके नेतृत्व में एनडीए सरकार ने विरासत व विज्ञान को एक साथ आगे बढ़ाने का गवर्नेंस मॉडल देश के सामने रखा। अटल भारतीय राजनीति में लोकसेवा और संगठन शक्ति के ऐसे सशक्त हस्ताक्षर हैं, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता।
भाजपा मंडल अध्यक्ष तुषांक भट्ट ने कहा, “यह देश अटल जी के योगदान को कभी नहीं भूल सकता। उनके नेतृत्व में भारत ने परमाणु शक्ति के क्षेत्र में भी देश का सिर ऊंचा किया। पार्टी नेता, संसद सदस्य, मंत्री या प्रधानमंत्री- अटलजी ने प्रत्येक भूमिका में एक आदर्श स्थापित किया।”
अटल जी का आचरण, शालीनता, वैचारिक दृढ़ता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प है भारतीय राजनीति के लिए एक आदर्श मानक है, अटलजी की जन्म-जयंती हम सभी के लिए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का विशेष अवसर है।
भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष राजकुमार अरोड़ा ने कहा कि उनका आचरण, शालीनता, वैचारिक दृढ़ता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प भारतीय राजनीति के लिए एक आदर्श मानक है। उन्होंने अपने जीवन से सिद्ध किया कि श्रेष्ठता पद से नहीं, आचरण से स्थापित होती है और वही समाज को दिशा देती है।”
कार्यक्रम में गौरव वर्मा (मंडल महामंत्री), सुनील सैनी, सुबोध वर्मा, घ्यानश्याम यादव, अमित शर्मा आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
