
हरिद्वार। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की बैरागी कैंप में होने वाली जनसभा में भीड़ जुटाने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने ताकत झोंक रखी है। जिसमें भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद ने हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से 10 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने बसों के साथ अपने निजी वाहनों से जनसभा में शामिल होने के लिए आह्वान किया। उन्होंने आह्वान करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के चार साल पूरे होने और ऐतिहासिक निर्णयों के साक्षी अधिक से अधिक कार्यकर्ता बने।
सात मार्च दिन शनिवार को हरिद्वार शहर के बैरागी कैंप में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की जनसभा होगी। जनसभा के लिए बैरागी कैंप पार्किंग क्षेत्र में पूरी तैयारियां कर ली गई। कार्यस्थल की तैयारियों का निरीक्षण स्वयं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ आला अधिकारियों ने किया। वहीं, सभा स्थल का क्षेत्र हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा के करीब होने के चलते हुए विधानसभा के कार्यकर्ताओं में बेहद उत्साह है। जनसभा में अधिक से अधिक लोग केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के विचार सुने इसके लिए भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने पूरी ताकत झोंकी हुई है। विधानसभा के प्रत्येक गांव दो से तीन बसें भेजी गई है और वाहन साधन संपन्न लोगों को स्वयं आने को अपील की है। हालांकि विधानसभा क्षेत्र से 10 से 15 हजार कार्यकर्ताओं का लक्ष्य रखा गया है। लेकिन उन्हें इससे ज्यादा की उम्मीद है। स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के विचारों से नई ऊर्जा का संचार होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के द्वारा लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों की समीक्षा होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नकल विरोधी कानून का इतना असर हुआ है कि आज मेहनत करने वालों को नौकरियां मिल रही है।
