Home / राजनीति / टिहरी विस्थापित कॉलोनी में सड़क और पेयजल समस्या के शीघ्र समाधान की मांग को लेकर पालिकाध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन…

टिहरी विस्थापित कॉलोनी में सड़क और पेयजल समस्या के शीघ्र समाधान की मांग को लेकर पालिकाध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन…

हरिद्वार। शिवालिक नगर पालिका परिषद क्षेत्र की टिहरी विस्थापित कॉलोनी के वार्ड संख्या-07 में लंबे समय से चली आ रही सड़क और पेयजल आपूर्ति की समस्याओं को लेकर क्षेत्रवासियों का आक्रोश सामने आया है। सोमवार को वरिष्ठ कांग्रेसी नेता संजय सैनी, रेखा गुप्ता, पूर्व पार्षद प्रत्याशी जितेंद्र चौधरी एवं जिला कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. मेहरबान अली के नेतृत्व में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि टिहरी विस्थापित कॉलोनी की गली संख्या A-7 से A-8 तक तथा मकान संख्या 01 से 18 तक सड़क का निर्माण आज तक नहीं कराया गया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कॉलोनी के अधिकांश हिस्सों में सड़क निर्माण कार्य हो चुका है, लेकिन उक्त क्षेत्र को नजरअंदाज किया गया है। सड़क न होने के कारण बरसात के दिनों में लोगों को कीचड़ और जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ता है, वहीं बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को आवागमन में भारी परेशानी होती है।
क्षेत्रवासियों ने पेयजल व्यवस्था को लेकर भी गंभीर शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि कॉलोनी में बिछाई गई जलापूर्ति पाइपलाइन का व्यास बेहद छोटा है, जिसके चलते आगे के घरों तक तो पानी पहुंच जाता है लेकिन पीछे स्थित कई घरों में पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो पाती। गर्मी के मौसम में यह समस्या और अधिक विकराल हो जाती है तथा लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन सौंपते हुए नागरिकों ने मांग की कि संबंधित क्षेत्र में शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जाए तथा पुरानी एवं संकरी पेयजल पाइपलाइन को बड़े व्यास की पाइपलाइन से बदला जाए, ताकि सभी घरों तक समान रूप से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
इस दौरान वकील उपाध्याय, मालती देवी, सुरेन्द्र कौर, अरविन्द द्विवेदी, लक्ष्मी देवी सहित अनेक स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से जनहित को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!