आत्मनिर्भरता से विश्व-नेतृत्व की ओर बढ़ता भारत : केंद्रीय बजट 2026–27 -सुनील सैनी।


हरिद्वार। राज्य मंत्री सुनील सैनी ने केंद्रीय बजट 2026–27 को देश को आत्मनिर्भरता से विश्व नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ाने वाला ऐतिहासिक और दूरदर्शी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने की ठोस कार्ययोजना है।
सुनील सैनी ने कहा कि यह बजट केवल आय-व्यय का दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की आर्थिक, सामाजिक और रणनीतिक शक्ति को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला विकास-दृष्टि पत्र है। इसमें गरीब, किसान, महिला, युवा और मध्यम वर्ग सहित समाज के हर वर्ग को केंद्र में रखकर समावेशी, संतुलित और टिकाऊ विकास का स्पष्ट रोडमैप तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा कि बजट में अगले 25 वर्षों की विकास दिशा तय करते हुए इंफ्रास्ट्रक्चर को विकास का आधार बनाया गया है, जिससे कनेक्टिविटी, लॉजिस्टिक्स और क्षेत्रीय संतुलन को गति मिलेगी। मैन्युफैक्चरिंग और रणनीतिक क्षेत्रों जैसे सेमीकंडक्टर, बायो-फार्मा और इलेक्ट्रॉनिक्स में आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर दिया गया है।
राज्य मंत्री ने बताया कि कृषि और ग्रामीण भारत के सशक्तिकरण के लिए तकनीक, निवेश और अवसंरचना को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने का संकल्प लिया गया है। वहीं युवा शक्ति और कौशल विकास को प्राथमिकता देते हुए शिक्षा से रोजगार तक की स्पष्ट और व्यावहारिक रणनीति तैयार की गई है।
महिला सशक्तिकरण, सामाजिक समावेशन, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, आयुष और मेडिकल टूरिज़्म को प्रोत्साहन तथा तीर्थ और पर्यटन स्थलों के विकास से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। टियर-2 और टियर-3 शहरों को नए विकास इंजन के रूप में विकसित कर क्षेत्रीय विकास और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही हरित ऊर्जा और सतत विकास के माध्यम से पर्यावरण संतुलित अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव रखी जा रही है।
अंत में सुनील सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट भारत को 2047 तक आत्मनिर्भर, सशक्त और विश्व नेतृत्वकर्ता राष्ट्र बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!