
हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय हरिद्वार में बुधवार को संगठनात्मक विषयों पर चर्चा और प्रशिक्षण वर्गों की प्रगति को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में बीस सूत्रीय क्रियान्वयन समिति उत्तराखंड के उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला उपस्थित रहे। बैठक का संचालन जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट और संजीव चौधरी ने संयुक्त रूप से किया।
बैठक को संबोधित करते हुए ज्योति प्रसाद गैरोला ने संगठनात्मक ढांचे की समीक्षा करते हुए बूथ से लेकर पन्ना स्तर तक कार्यकर्ताओं की भूमिका को मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा समय-समय पर दिए जा रहे दायित्वों को कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा के साथ निभाना चाहिए। साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में मंडल स्तर पर दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति और विचारधारा से अवगत कराया जा रहा है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से इन प्रशिक्षण वर्गों में अनिवार्य रूप से भाग लेने का आह्वान किया।
जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने बताया कि हरिद्वार जिले में सभी प्रशिक्षण वर्गों की तिथियां निर्धारित की जा चुकी हैं और ये 4 अप्रैल तक पूर्ण हो जाएंगे। इसके बाद जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का संगठन बूथ स्तर तक सक्रिय होकर सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने का कार्य कर रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन के कार्यों को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता सदैव सक्रिय रहता है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर 2027 के विधानसभा चुनाव में हरिद्वार जिले की सभी पांचों सीटों पर विजय प्राप्त की जाएगी।
बैठक में रानीपुर विधायक आदेश चौहान, महापौर किरण जैसल, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, राज्य मंत्री डॉ. जयपाल चौहान सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
