Home / राजनीति / हरीश रावत हमारे लिए पार्टी से भी बड़े -राव अफाक।

हरीश रावत हमारे लिए पार्टी से भी बड़े -राव अफाक।

हरिद्वार / देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस की राजनीति में उस समय हलचल तेज हो गई जब हरिद्वार के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष राव अफाक ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को लेकर बड़ा बयान दिया। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि उनके लिए हरीश रावत केवल एक नेता नहीं, बल्कि मार्गदर्शक हैं और उनका कद पार्टी से भी बड़ा है। राव अफाक ने कहा कि हरीश रावत ने ही उन्हें कांग्रेस की विचारधारा, त्याग और बलिदान की परंपरा से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि देश के पूर्व नेताओं जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के योगदान को समझाने में भी हरीश रावत की अहम भूमिका रही है।
उन्होंने कहा, “मेरे लिए हरीश रावत पार्टी से भी बड़े हैं। उन्होंने ही हमें कांग्रेस के आदर्शों और बलिदान की परंपरा से जोड़ा है।”
कांग्रेस हाईकमान द्वारा संगठन की जिम्मेदारी पांच नेताओं को सौंपे जाने के सवाल पर राव अफाक ने कहा कि इससे हरीश रावत का कद कम नहीं होता और आज भी पार्टी में उनकी भूमिका सबसे अहम बनी हुई है। हाल के दिनों में उत्तराखंड कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान की खबरें भी सामने आई है, हालांकि राव अफाक ने इन अटकलों को पूरी तरह खारिज किया। उन्होंने कहा कि कुछ नेता जानबूझकर हरीश रावत को निशाना बना रहे हैं, जबकि पार्टी उनके मार्गदर्शन में आगे बढ़ रही है। राव अफाक ने कहा, “हरीश रावत हमारे लिए श्रीकृष्ण के समान हैं और बाकी नेता पांडवों की तरह हैं।”
राव अफाक ने कांग्रेस को त्याग, तपस्या और बलिदान की पार्टी बताते हुए महात्मा गांधी, बी.आर. आंबेडकर, सरदार वल्लभ भाई पटेल, मौलाना अब्दुल कलाम आजाद और चंद्रशेखर आजाद जैसे महान नेताओं के योगदान का भी उल्लेख किया।
फिलहाल, इस बयान के बाद उत्तराखंड कांग्रेस की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व इस पर क्या रुख अपनाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!