अटल स्मृति वर्ष व वीर बाल दिवस कार्यक्रमों को लेकर भाजपा की जिला कार्यशाला सम्पन्न…

हरिद्वार। रविवार को भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय जगजीतपुर, हरिद्वार पर अटल स्मृति वर्ष एवं वीर बाल दिवस के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों को लेकर जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री संजीव चौधरी एवं हीरा सिंह बिष्ट द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी अनिल गोयल उपस्थित रहे।
कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मूल मंत्र सेवा और समर्पण है। भाजपा कार्यकर्ता इसी भावना के साथ राष्ट्र व समाज सेवा में निरंतर कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई ने राजनीति में सेवा, समर्पण और सुचिता की मिसाल पेश की। राजनीतिक पारदर्शिता और मूल्यों पर आधारित राजनीति करते हुए उन्होंने एक वोट से सरकार गिरना स्वीकार किया, लेकिन सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। अटल जी की जन्म जयंती प्रत्येक कार्यकर्ता द्वारा बूथ स्तर तक मनाई जाएगी।
मुख्य वक्ता प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी अनिल गोयल ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता दृढ़ता, ईमानदारी और मेहनत के साथ पार्टी के कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता 24 घंटे, सातों दिन राष्ट्र सेवा में जुटा रहता है। सरकार द्वारा जनहित में किए जा रहे कार्यों के बल पर 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा तीसरी बार भारी बहुमत से सरकार बनाएगी।
उन्होंने बताया कि अटल बिहारी वाजपेई जी के जन्मदिवस को अटल स्मृति वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। 24 दिसंबर को जन्म जयंती की पूर्व संध्या पर कार्यकर्ता उनके चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन व पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। नगर निगम व विधानसभा क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा तथा चौराहों और सड़कों की सफाई की जाएगी। इसके साथ ही विद्यालयों में प्रतियोगिताओं का आयोजन कर बच्चों को अटल जी के जीवन और विचारों से परिचित कराया जाएगा।
जिला सह प्रभारी दीपक धमीजा ने बताया कि 26 दिसंबर को भाजपा वीर बाल दिवस को बलिदान दिवस के रूप में मनाएगी। इस अवसर पर प्रतियोगिताएं और गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। भाजपा कार्यकर्ता गुरुद्वारों में शब्द कीर्तन में भाग लेकर वीर बालकों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे, जिन्होंने धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
कार्यशाला में रानीपुर विधायक आदेश चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा, राज्य मंत्री डॉ. जयपाल चौहान, सुनील सैनी, विकास तिवारी, अमित चौहान, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, युवा मोर्चा अध्यक्ष अभिनव चौहान, जिला मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र चौहान सहित बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!