
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक यातायात के पर्यवेक्षण में जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को हरिलोक तिराहा पर यातायात पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान वाहनों में लगी ब्लैक फिल्म, अनाधिकृत हूटर एवं अन्य अवैध मॉडिफिकेशन के खिलाफ सघन कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही कई वाहनों से मौके पर ही ब्लैक फिल्म और अनाधिकृत हूटर हटवाए गए।
पुलिस की इस कार्रवाई में टीएसआई पंकज जोशी एवं होमगार्ड विशाल भी शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि ब्लैक फिल्म और अवैध हूटर का प्रयोग न केवल नियमों के विरुद्ध है, बल्कि इससे सड़क सुरक्षा भी प्रभावित होती है।
हरिद्वार पुलिस ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें तथा वाहनों में अनाधिकृत हूटर, ब्लैक फिल्म और अन्य अवैध मॉडिफिकेशन का प्रयोग न करें।
