
हरिद्वार। सिडकुल क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें नाबालिग युवतियों से कथित रूप से बंधुआ मजदूरी कराने, दस्तावेजों में छेड़छाड़ और मारपीट करने के आरोप लगे हैं। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्लांट हेड को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
थाना सिडकुल पुलिस के अनुसार, दिनांक 24 मार्च 2026 को कार्तिक एंटरप्राइजेज में कार्यरत कुछ महिलाओं और युवतियों ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कंपनी के प्लांट हेड रजनीश शर्मा और अन्य कर्मचारियों ने दो नाबालिग लड़कियों के आधार कार्ड में उम्र बढ़ाकर उन्हें नौकरी पर रखा।
पीड़िताओं ने यह भी आरोप लगाया कि 24 मार्च को उन्हें ऑफिस में बुलाकर तलाशी के नाम पर उनके साथ अभद्रता की गई। इस दौरान दुपट्टे से हाथ-पांव बांधकर मारपीट की गई और उन्हें अपमानित किया गया। इतना ही नहीं, उन पर चोरी कबूलने का दबाव भी बनाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी रजनीश शर्मा के मोबाइल फोन से घटना से संबंधित वीडियो बरामद हुआ, जिससे आरोपों की पुष्टि हुई। साथ ही, दस्तावेजों की जांच में पीड़िताओं के आधार कार्ड में उम्र बढ़ाने की बात भी सामने आई।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग किशोरियों से वेल्डिंग मशीन जैसे खतरनाक कार्य भी कराए जा रहे थे, जो श्रम कानूनों का गंभीर उल्लंघन है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी रजनीश शर्मा (42 वर्ष), निवासी गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पीड़िताओं को न्याय दिलाया जाएगा।
