Home / पुलिस / नकली नोट फैक्ट्री का खुलासा, पुलिस ने लैपटॉप-प्रिंटर सहित 03 आरोपी दबोचे…

नकली नोट फैक्ट्री का खुलासा, पुलिस ने लैपटॉप-प्रिंटर सहित 03 आरोपी दबोचे…

हरिद्वार / श्यामपुर। देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से नकली नोट तैयार करने वाले एक संगठित गिरोह का हरिद्वार पुलिस ने पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देशन में कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नकली नोट छापने में प्रयुक्त 04 नोट 500₹ के असली तथा जिन नोटों से अभियुक्तगणों द्वारा नकली नोट छापे गये थे वह 25 पेपरशीट जिस पर करीब ₹50 हजार के नकली नोट छपे हैं, जिनकी कटिंग होनी शेष हैं, बरामद साथ ही लैपटॉप, दो प्रिंटर, पांच मोबाइल फोन और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस की यह कार्रवाई दो दिन पहले बरामद हुए 52,500 रुपये के नकली नोटों के मामले की विवेचना के दौरान सामने आए अहम सुरागों के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार, 27 जून 2026 को श्यामपुर पुलिस ने 52,500 रुपये के नकली नोटों के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। मामले की गहन विवेचना और पूछताछ में पुलिस को गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण इनपुट मिले। इसी क्रम में 29 जून को सूचना मिली कि कुछ लोग क्विड कार संख्या UK-08BG-6798 में नकली नोट छापने के उपकरण और पहले से तैयार नकली नोटों को ठिकाने लगाने के लिए बड़ापुर (बिजनौर) की ओर जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने लालढांग तिराहे के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकली नोट तैयार करने में प्रयुक्त पूरी प्रिंटिंग व्यवस्था बरामद कर ली गई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गुलजार अहमद ऑनलाइन विशेष प्रकार का पेपर मंगाता था, जबकि शगुन जोशी असली नोट की फोटो लेकर सॉफ्टवेयर और विभिन्न एप की मदद से उसकी गुणवत्ता बढ़ाकर उसे प्रिंटिंग के लिए तैयार करता था। वहीं देवेन्द्र कुमार ने खुलासा किया कि वह और गुलजार पहले भी बिजनौर के बड़ापुर क्षेत्र में करीब एक लाख रुपये के नकली नोट छाप चुके हैं, जिनमें से लगभग 60 हजार रुपये के नकली नोट बाजार में चला दिए गए थे। इससे उनका लालच बढ़ा और बाद में उन्होंने देवेन्द्र के जीजा शिवम तथा शगुन जोशी को भी गिरोह में शामिल कर लिया। चारों मिलकर संगठित तरीके से नकली नोट तैयार कर उन्हें बाजार में खपाने का काम कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से एक लैपटॉप, एचपी कंपनी का एक प्रिंटर, कैनन कंपनी का एक प्रिंटर, पांच मोबाइल फोन, 500 रुपये के चार असली नोट तथा 500 रुपये के नकली नोटों की 25 प्रिंटेड शीट बरामद हुई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये है और जिनकी कटिंग अभी बाकी थी। इसके अलावा एक वॉटरमार्क शीट सहित अन्य प्रिंटिंग सामग्री भी बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवेन्द्र कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी सरदारपुर छामली, थाना बड़ापुर, जिला बिजनौर, गुलजार अहमद पुत्र अब्दुल हमीद निवासी टांडा सिक्कावाला, थाना बड़ापुर, जिला बिजनौर तथा शगुन जोशी पुत्र पवन जोशी निवासी लालढांग, थाना श्यामपुर, जिला हरिद्वार के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई को प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक एवं प्रभारी कोतवाली श्यामपुर अवनी तिवारी के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज रावत, उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी लालढांग मोहन कठैत, कांस्टेबल राहुल देव, सुदेश खरोला तथा सुशील चौहान ने अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!