हरिद्वार / रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर स्थित राजमहल होटल के पास सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे खड़े एक ट्रक पर अचानक हाईटेंशन बिजली लाइन गिर गई। लाइन के संपर्क में आते ही ट्रक में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते आग की लपटों तथा काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची।
फायर स्टेशन रुड़की को घटना की सूचना मिलते ही दमकल वाहन तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंची फायर यूनिट ने देखा कि हाईटेंशन लाइन अभी भी ट्रक पर गिरी हुई थी और विद्युत आपूर्ति चालू थी। इसके बाद कंट्रोल रूम को सूचना देकर बिजली विभाग से तत्काल सप्लाई बंद कराई गई।
बिजली आपूर्ति बंद होने के बाद फायर कर्मियों ने होज पाइप बिछाकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई से ट्रक के डीजल टैंक को फटने से भी बचा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
हालांकि आग की चपेट में आने से ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार घटना में भारी नुकसान की आशंका है। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय ट्रक के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
फायर ऑपरेशन में डीवीआर विपिन सिंह, एलएफएम विपिन सैनी, फायरमैन हरीशचंद्र, सुनील सिंह और अभिषेक कुमार शामिल रहे।
