हरिद्वार। शहर के रिहायशी इलाकों में जंगली हाथियों की दस्तक लगातार बढ़ती जा रही है। बीती रात जगजीतपुर क्षेत्र की बालाजी एनक्लेव कॉलोनी में एक विशालकाय जंगली हाथी पहुंच गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि हाथी देर रात कॉलोनी की गलियों में चहलकदमी करता हुआ नजर आया। गली से गुजरते हाथी को देख स्थानीय लोग भयभीत हो गए और अपने घरों में ही कैद हो गए। इस दौरान किसी ने हाथी का वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में हाथी मदमस्त होकर आराम से गली से गुजरता दिखाई दे रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जगजीतपुर क्षेत्र में आए दिन जंगली हाथियों के झुंड रिहायशी इलाकों में पहुंच रहे हैं, जिससे जान-माल का खतरा बना हुआ है। लोगों ने वन विभाग से हाथियों की आवाजाही पर रोक लगाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं।
