
हरिद्वार। बिहार में भारत तिवारी की निर्मम हत्या और लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड में मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत पर धर्मनगरी हरिद्वार में शोक और आक्रोश व्यक्त किया गया। अखण्ड परशुराम अखाड़े के तत्वावधान में अग्रसेन घाट पर आयोजित शोक सभा में मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए मां गंगा में दीपदान किया गया।
शोक सभा को संबोधित करते हुए अखण्ड परशुराम अखाड़े के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने दोनों घटनाओं को अत्यंत दुखद बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि बिहार में भारत तिवारी की हत्या कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने बिहार पुलिस से मामले में तत्काल प्रभाव से हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की।
लखनऊ में कोचिंग सेंटर में हुए अग्निकांड पर चिंता जताते हुए पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि कुछ संस्थान आर्थिक लाभ के लिए बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र (फायर एनओसी) के संचालित हो रहे संस्थान हादसों को न्योता दे रहे हैं। उन्होंने सरकार से दोषियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कठोरतम कार्रवाई करने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
शोक सभा के दौरान अखाड़े के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मां गंगा के तट पर दीप प्रवाहित कर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर मृतकों की आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर स्वामी कार्तिक गिरी, स्वामी रुद्रानंद, भागवत आचार्य पवन कृष्ण शास्त्री, भागवत आचार्य संजय कृष्ण शास्त्री, पंडित विष्णु शास्त्री, पंडित दिनेश कपलटिया, पंडित कृष्णा, अशोक शर्मा, सचिन चौधरी, योगेश चौधरी, सुनील कुमार एवं विष्णु शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
