Home / मुख्य ख़बर / होली से पहले दूध-पनीर सप्लाई पर सख्ती, 05 नमूने जांच को भेजे…

होली से पहले दूध-पनीर सप्लाई पर सख्ती, 05 नमूने जांच को भेजे…

हरिद्वार। होली और रमजान पर्व को देखते हुए जनपद में खाद्य सामग्री की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा आयुक्त सचिन कुर्वे एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में शुक्रवार तड़के कनखल क्षेत्र में दूध और पनीर की सप्लाई करने वाले वाहनों की जांच की गई।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी हरिद्वार महिमानंद जोशी के नेतृत्व में सुबह 6:00 बजे जगजीतपुर पुलिस चौकी, कनखल पर बाहरी राज्यों और लक्सर क्षेत्र से आने वाले सप्लाई वाहनों की सघन चेकिंग की गई। इस दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन और योगेंद्र पांडे भी टीम में शामिल रहे।
चेकिंग के दौरान खुले दूध के 03 और पनीर के 02 नमूने सहित कुल 05 खाद्य नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच हेतु राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान तीन सप्लायरों को फूड लाइसेंस, आवश्यक दस्तावेज और क्रय-विक्रय इनवॉइस प्रस्तुत न करने तथा वाहनों में तापमान नियंत्रक प्रणाली सुचारू न होने पर नोटिस जारी किए गए। टीम ने निर्देश दिए कि सभी सप्लायर अपने फूड लाइसेंस की प्रति वाहनों पर प्रदर्शित करें और दूध व दुग्ध उत्पादों की सप्लाई निर्धारित तापमान नियंत्रित प्रणाली में ही करें। मौके पर पाई गई पनीर की खेप को हटवाकर विक्रय न करने के निर्देश भी दिए गए।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि होली एवं रमजान पर्व को देखते हुए जनपद हरिद्वार में विशेष सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!