Home / मुख्य ख़बर / डीएम मयूर दीक्षित के निर्देशन में चला विशेष अभियान, लगभग 1.5 टन सूखे कचरे का किया गया निस्तारण…

डीएम मयूर दीक्षित के निर्देशन में चला विशेष अभियान, लगभग 1.5 टन सूखे कचरे का किया गया निस्तारण…

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में संचालित “स्वच्छ एवं सुंदर हरिद्वार अभियान” के अंतर्गत बुधवार को मनसा देवी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष स्वच्छता अभियान का तीसरा दिवस उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। अभियान के तहत मंदिर परिसर, पैदल मार्ग तथा आसपास के वन क्षेत्र में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई की गई।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के तृतीय दिवस में हरिद्वार रेंज, राजाजी टाइगर रिजर्व के 10 कर्मचारी, मनसा देवी मंदिर समिति के 05 सफाईकर्मी तथा उषा ब्रेको कंपनी लिमिटेड के 20 कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की।
अभियान के दौरान वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पैदल मार्ग, सीढ़ी मार्ग तथा आसपास के वन क्षेत्र में फैले प्लास्टिक, पॉलीथीन एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों का संग्रहण कर उनका नियमानुसार निस्तारण कराया गया, साथ ही श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने, एकल उपयोग प्लास्टिक का प्रयोग न करने तथा कूड़ा केवल निर्धारित स्थानों पर ही डालने के लिए जागरूक किया गया।
स्वच्छता अभियान के साथ-साथ “हरित हरिद्वार” अभियान के अंतर्गत उन स्थानों पर वृक्षारोपण भी किया गया, जहां कचरा हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ बनाया गया था। पैदल मार्ग के किनारों एवं साफ किए गए वन क्षेत्रों में औषधीय एवं छायादार पौधे रोपित किए गए, जिससे भविष्य में यह क्षेत्र अधिक हराभरा, स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बना रहे।
अभियान के दौरान लगभग 1.5 टन सूखा कचरा एकत्रित किया गया, जिसका समुचित निस्तारण नगर निगम हरिद्वार की कूड़ागाड़ी के माध्यम से कराया गया।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं एवं आमजन से अपील की है कि हरिद्वार की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण में अपना सहयोग दें तथा धार्मिक स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!