
हरिद्वार। जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरि महाराज नासिक से सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर के पीठाधीश्वर जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता एवं दिल्ली संत महामंडल के अध्यक्ष श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज के साथ हरिद्वार पहुंच गए। श्री महंत हरि गिरि महाराज बुधवार को हरिद्वार में कुंभ मेला अधिकारी द्वारा हरिद्वार में वर्ष 2027 में होने वाले कुंभ मेले को लेकर बुलाई गई अखाड़ों की बैठक में भाग लेंगे।
कुंभ मेला अधिकारी मेले को ऐतिहासिक बनाने के लिए श्रीमहंत हरि गिरि महाराज वह अन्य अखाड़े के प्रतिनिधियों से सुझाव भी लेंगे और अधिकारियों को उनके सुझावों के आधार पर कुभ मेले की तैयारी करने का निर्देश देंगे।
श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने बताया कि हरिद्वार में 2027 में होने वाले कुंभ मेला का शुभारंभ 14 जनवरी 2027 को मकर संक्रांति पर होगा और यह 20 अप्रैल 2027, चौत्र पूर्णिमा तक चलेगा। 97 दिनों तक चलने वाले इस भव्य आयोजन का पहला अमृत स्नान मकर संक्रांति पर होगा। मेले में 10 प्रमुख स्नान तिथियां शामिल हैं। इनमें मकर संक्रांति अमृत स्नान 14 जनवरी, मौनी अमावस्या 06 फरवरी, बसंत पंचमी 11 फरवरी, माघ पूर्णिमा 20 फरवरी, महाशिवरात्रि अमृत स्नान 06 मार्च, सोमवती अमावस्या अमृत स्नान 08 मार्च, नव संवत्सर 07 अप्रैल, रामनवमी 15 अप्रैल, बैशाखी शाही स्नान 14 अप्रैल व चौत्र पूर्णिमा 20 अप्रैल हैं।
