आर्य समाज रोहालकी में वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह संपन्न…

हरिद्वार। आर्य समाज रोहालकी किशनपुर में क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में भव्य वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र के वरिष्ठ महिला-पुरुषों ने सहभागिता की। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों को शॉल एवं लोई ओढ़ाकर सम्मानित किया गया, साथ ही दूर-दराज से आए क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों को भी सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ यज्ञ से हुई। यज्ञ के ब्रह्मा आचार्य योगेंद्र मेधावी ने यज्ञ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए वैदिक परंपराओं की जानकारी दी। इसी अवसर पर नव-निर्मित वैदिक भवन का विधिवत उद्घाटन भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षत्रिय चौहान महासभा के अध्यक्ष मास्टर राजेन्द्र सिंह ने कहा कि रोहालकी किशनपुर के बुजुर्गों द्वारा वर्षों पूर्व लगाए गए आर्य समाज के वृक्ष का ही परिणाम है कि आज गांव में इस प्रकार के सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजन संभव हो पा रहे हैं। उन्होंने आर्य समाज द्वारा आपसी सहयोग से भवन निर्माण जैसे कार्यों की सराहना की।
प्रांतीय आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान डीपी यादव ने कहा कि आज आर्य समाज को एक मंच पर आने की आवश्यकता है। यदि प्रदेश की सभी आर्य समाज इकाइयाँ एकजुट होकर कार्य करें तो समाजहित के कार्य और अधिक सरलता से संपन्न हो सकते हैं। उन्होंने आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
कार्यक्रम में मंत्री चन्द्र प्रकाश आर्य, प्रधान आर्य समाज धामावाला सुधीर गुलाटी, जिला आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान श्याम सिंह आर्य, वरिष्ठ समाजसेवी राकेश चौहान, पूर्व राज्यमंत्री चौधरी किरणपाल वाल्मीकि, एडवोकेट उत्तम सिंह चौहान, एडवोकेट राजकुमार चौहान सहित क्षेत्र के विभिन्न आर्य समाजों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!