
हरिद्वार। रविवार को गंगनहर के तेज बहाव में बह रहे एक व्यक्ति की जान एसडीआरएफ जवानों की तत्परता और साहस से बच गई। बहादराबाद पुलिस चौकी से सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
एसडीआरएफ टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही व्यक्ति बहते हुए पथरी पावर हाउस तक पहुंच चुका था। गंगनहर के तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच एसडीआरएफ जवानों ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए व्यक्ति तक पहुंच बनाई।
कड़ी मशक्कत के बाद जवानों ने व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। काफी देर तक ठंडे पानी में रहने के कारण उसकी हालत कमजोर हो गई थी और शरीर अकड़ गया था। एसडीआरएफ टीम ने मौके पर ही उसे प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। गंगनहर के तेज बहाव में फंसे व्यक्ति के लिए एसडीआरएफ जवान समय पर पहुंचकर जीवनरक्षक साबित हुए।









