Home / मुख्य ख़बर / चारधाम यात्रा: एक दिन में 4581 श्रद्धालुओं का पंजीकरण, कुल आंकड़ा 43 हजार पार…

चारधाम यात्रा: एक दिन में 4581 श्रद्धालुओं का पंजीकरण, कुल आंकड़ा 43 हजार पार…

हरिद्वार। चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में हरिद्वार स्थित ऋषिकुल मैदान में बनाए गए यात्री पंजीकरण केंद्र पर शनिवार को कुल 4581 यात्रियों ने अपना पंजीकरण कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज पंजीकरण कराने वाले यात्रियों में यमुनोत्री धाम के लिए 915, गंगोत्री धाम के लिए 932, केदारनाथ धाम के लिए 1422 तथा बद्रीनाथ धाम के लिए 1312 श्रद्धालु शामिल रहे। वहीं हेमकुंड साहिब के लिए आज भी किसी भी यात्री ने पंजीकरण नहीं कराया।
चारधाम यात्रा के लिए देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंच रहे हैं और सुव्यवस्थित व्यवस्था के तहत अपना पंजीकरण करा रहे हैं। प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया को सरल और सुचारु बनाया गया है।
गौरतलब है कि ऋषिकुल मैदान स्थित पंजीकरण केंद्र से अब तक कुल 43,259 श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए अपना पंजीकरण करा चुके हैं, जो यात्रा के प्रति बढ़ते रुझान को दर्शाता है।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराएं और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!