हरिद्वार। हरिद्वार में एक बुजुर्ग महिला गंगनहर में गिरकर तेज बहाव में करीब एक किलोमीटर तक बहती रही। समय रहते एक युवक की नजर महिला पर पड़ गई, जिसके बाद उसकी सूझबूझ और पुलिस की तत्परता से महिला की जान बच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग महिला का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह गंगनहर के गहरे पानी में जा गिरी। तेज बहाव के कारण महिला काफी दूर तक बहती चली गई। इसी दौरान वहां मौजूद युवक अंकित ने महिला को बहते हुए देखा और तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने महिला तक रस्सी पहुंचाई और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के बाद महिला को प्राथमिक सहायता दी गई और फिर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और युवक अंकित की सतर्कता की जमकर सराहना की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर सूचना न मिलती और पुलिस तुरंत कार्रवाई न करती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
गंगनहर में बह रही बुजुर्ग महिला का पुलिस ने किया रेस्क्यू, युवक की सतर्कता से बची जान…













