विजय दिवस के अवसर पर 1971 भारत-पाक युद्ध के शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि और पूर्व सैनिकों को किया गया सम्मानित…

हरिद्वार / सुमित यशकल्याण।

हरिद्वार। शुक्रवार को विजय दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सिटी मजिस्ट्रेट हरिद्वार अवधेश कुमार सिंह ने जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में 1971 भारत-पाक युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि दी एवं पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि सिटी मजिस्ट्रेट अवधेश कुमार सिंह ने कार्यक्रम का शुभारम्भ भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये सिटी मजिस्ट्रेट अवधेश कुमार सिंह ने 1971 में हुये भारत-पाक युद्ध पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा भारतीय सेना के वीरों के अदम्य साहस एवं शौर्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

सिटी मजिस्ट्रेट अवधेश कुमार सिंह एवं एसएमजेएन पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील बत्रा ने इस अवसर पर पूर्व सैनिकों-हवलदार वी.एन. शर्मा, गोपीचन्द, सूबेदार सी.एस. रावत, हवलदार पदम बहादुर, आ.कै. अरूण कुमार त्यागी आदि को पुष्पमाला पहनाकर एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में शहीदों को श्रद्धांजलि के उपरांत एसएमजेएन (पीजी) कॉलेज की संगीत अनुशिक्षिका अनन्या भटनागर द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया तत्पश्चात पूर्व सैनिकों को जिला सैनिक कल्याण द्वारा सम्मान, संगीत कार्यक्रम व सशस्त्र सेना सेना झंडा दिवस हरिद्वार जनपद के सर्वोच्च योगदानकर्ता एसएमजेएन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बत्रा को प्रतीक चिह्न, एवं बैज लगा कर सम्मानित किया गया।

डाॅ. सुनील कुमार बत्रा ने वीर जवानों को नमन करते हुए भारत के अग्निवीर मूवी के सन्दर्भ में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने इस योजना के सन्दर्भ में भारत सरकार की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

अंत में राष्ट्रगान व भारत माता की जय घोष के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इस विजय दिवस पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में कॉलेज की छात्रा सुश्री अनन्या भटनागर ने स्वागत गीत स्वागतम्-स्वागतम, छात्रा अर्शिका वर्मा ने देश भक्तिपूर्ण कविता पाठ तथा कॉलेज के छात्र-छात्राओं नेहा कश्यप, तमन्ना, शैली, श्रुति ढल, ममता मौर्य, इशिका भारद्वाज, मुस्कान सिंह, निशा बर्मन, दीपांशु धीमान आदि ने देशभक्ति के गीतों पर मनमोहक प्रस्तुति दी। गौरव बंसल, पलक वर्मा, मानसी वर्मा, अंजलि, आरती अस्वाल, नंदिनी भारती, साक्षी आदि ने देश भक्ति गीतों पर योगाकर दर्शकों का मन मोह लिया। नकुल सिंह ने कीबोर्ड पर अपनी प्रस्तुति दी।

इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर (अ.प्रा.) करण सिंह, जिला सैनिक कल्याण सहायक अधिकारी डी.एस. गुसांई, देवभूमि सैनिक लीग के अध्यक्ष सूबेदार दिनेश चन्द्र सकलानी, नीमादेवी पब्लिक स्कूल रूड़की के प्राचार्य हर्ष प्रकाश काला, बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, उनके परिजन सहित सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!