अतिक्रमण पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: 80 से अधिक झोपड़ियां ध्वस्त, 10 टन कचरा हटाया…

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को रोड़ी बेलवाला और घाट क्षेत्र में वृहद अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से स्थापित 80 से अधिक अस्थायी झोपड़ियों को जेसीबी मशीन की मदद से ध्वस्त कर दिया गया।
नगर निगम की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। प्रशासन का कहना है कि रोड़ी बेलवाला के प्लाटों पर लगातार हो रहे अवैध कब्जों की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
अतिक्रमण हटाने के तुरंत बाद विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। निगम की टीम ने मौके से 10 टन से अधिक कचरा एकत्र कर उसका निस्तारण कराया, जिससे क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था में सुधार देखने को मिला।
रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में अभियान का नेतृत्व मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा ने किया, जबकि घाट क्षेत्र में कार्रवाई मुख्य सफाई निरीक्षक अर्जुन सिंह के निर्देशन में हुई। वहीं हर की पौड़ी क्षेत्र में स्वच्छता निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल द्वारा विशेष सफाई अभियान संचालित किया गया।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर की धार्मिक और पर्यटन महत्ता को देखते हुए अतिक्रमण एवं गंदगी के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित हरिद्वार के संकल्प को साकार करने के लिए निगम प्रतिबद्ध है।

