
हरिद्वार। भारतीय किसान यूनियन (सर्वे) के उत्तराखंड प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनिल शर्मा के संयोजन में रामेश्वर धाम परिसर में एक भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महामंडलेश्वर 1008 रामेश्वर नंद सरस्वती महाराज को किसान पटका ओढ़ाकर, फूलमालाओं से स्वागत करते हुए भारतीय किसान यूनियन (सर्वे) का राष्ट्रीय संरक्षक नियुक्त कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर लघु व्यापार एसोसिएशन के नौवीं बार निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने पर संजय चोपड़ा, प्रदेश महामंत्री राजकुमार, कोषाध्यक्ष मनीष शर्मा सहित अन्य नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का भी किसान पटका पहनाकर स्वागत किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए महामंडलेश्वर 1008 रामेश्वर नंद सरस्वती महाराज ने कहा कि किसान देश का अन्नदाता है और उसके संरक्षण के लिए केंद्र एवं राज्य सरकारों को विशेष अभियान चलाने होंगे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण प्रदूषण के कारण किसानों की उपज पर संकट मंडरा रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर किसानों को प्रशिक्षित करने की आवश्यकता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि विकास के नाम पर तेजी से बढ़ रहे कंक्रीट के जंगल भविष्य में विनाश का कारण बन सकते हैं। सरकार को पर्यावरण संरक्षण के लिए ठोस योजनाएं बनानी होंगी, तभी कृषि और किसान सुरक्षित रह पाएंगे।
भारतीय किसान यूनियन (सर्वे) की राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष रश्मि चौधरी ने कहा कि महामंडलेश्वर की प्रेरणा से संगठन किसानों की न्यायसंगत मांगों को लेकर और अधिक मजबूती से संघर्ष करेगा।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी अनिल शर्मा ने बताया कि आगामी 05 और 06 जून को मां गंगा के तट पर भारतीय किसान यूनियन (सर्वे) की ओर से किसान महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा। इस महाकुंभ में साधु-संतों एवं जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित कर किसानों के हित में कल्याणकारी योजनाओं के प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजे जाएंगे।
लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रेड़ी-पटरी के स्ट्रीट वेंडर्स और लघु व्यापारी आगामी सभी आंदोलनों और कार्यक्रमों में भारतीय किसान यूनियन (सर्वे) के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।
कार्यक्रम में राजीव थपलियाल, रश्मि चौधरी, अरुणा शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, रेनू चौहान, मालती शर्मा, पुष्पा उपाध्याय, सुमन गर्ग, पूजा गर्ग, महिपाल चौहान, राघव गुप्ता, अभिषेक शर्मा, बलविंदर नाथुला, विनेश उनियाल सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
