
हरिद्वार। गुरुवार को राजकीय प्राथमिक विद्यालय नवोदय नगर, हरिद्वार में सीएसआर के अंतर्गत किरबी संस्थान द्वारा उपलब्ध कराई गई विभिन्न सुविधाओं का लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय को सौर ऊर्जा से संचालित एलईडी लाइट्स, विद्यालय नाम का साइनबोर्ड, कंप्यूटर, प्रिंटर, प्रोजेक्टर, साउंड सिस्टम, स्टील अलमारी, कुर्सी-मेज तथा किचन रैक उपलब्ध कराए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रानीपुर विधायक आदेश चौहान उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किरबी संस्थान द्वारा किया गया यह सहयोग सराहनीय है। शिक्षा में किया गया निवेश कभी व्यर्थ नहीं जाता, बल्कि वह देश के भविष्य का निर्माण करता है। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनय कुमार, समस्त स्टाफ तथा पूर्व सभासद सिंहपाल सिंह सैनी एवं उनके सहयोगियों की प्रशंसा की।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष आशु चौधरी ने कहा कि विद्यालय निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है और हम सभी का दायित्व है कि इसे शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए मिलकर प्रयास करें। किरबी संस्थान के डीजीएम धीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि संस्थान को गर्व है कि वह ऐसे विद्यालय के साथ कार्य कर रहा है, जिसने कम समय में राज्य स्तर पर दो बार अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। उन्होंने भविष्य में भी सहयोग जारी रखने का आश्वासन दिया।
प्रधानाध्यापक विनय कुमार ने कहा कि इस प्रकार का निवेश छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। इससे छात्र-छात्राओं को आधुनिक संसाधनों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम में पूर्व सभासद सिंहपाल सिंह सैनी, अतुल वशिष्ठ, श्याम सुंदर गुप्ता, वरुण वशिष्ठ, राम सिंह, सुरेंद्र त्यागी, अभिषेक शर्मा, ओमवीर त्यागी, किरबी संस्थान से अमित चौहान, राजेश कुमार, अभिषेक कुमार, नूर मोहम्मद, आयुष कुमार तथा विद्यालय का समस्त स्टाफ विनीत कुमार, कु. नीतू आहूजा, अवनीश, प्रवीण कुमार, नेहा पाल, शिवांगी, पुष्पा, ममता एवं रूपा आदि उपस्थित रहे।
