हरिद्वार। हरिद्वार के जगजीतपुर क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक जंगली हाथी आबादी वाले इलाके में घुस आया। फुटबॉल ग्राउंड के आसपास के रिहायशी क्षेत्र में हाथी को घूमते हुए देखा गया, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग को अवगत कराया गया। कुछ ही देर में वन विभाग की क्यूआरटी मौके पर पहुंची और हाथी को सुरक्षित तरीके से खदेड़ने का अभियान शुरू किया।
वन कर्मियों की टीम को देखते ही हाथी खेतों की ओर भागा और रास्ते में एक खेत की तारबाड़ को तोड़ते हुए अंदर घुस गया। इस दौरान किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन हाथी के कारण लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में जंगली हाथियों की आवाजाही लगातार बनी हुई है। आए दिन हाथी कभी वाहनों को नुकसान पहुंचाते हैं तो कभी खेतों की तारबाड़ तोड़ देते हैं, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई जाएगी, ताकि इस तरह की घटनाओं पर नियंत्रण पाया जा सके।
