
हरिद्वार। अग्नि सेवा सप्ताह 2026 (14 अप्रैल से 21 अप्रैल 2026) के उपलक्ष्य में सीआईएसएफ इकाई हरिद्वार द्वारा केन्द्रीय विद्यालय, बीएचईएल हरिद्वार के छात्र-छात्राओं के लिए एक व्यापक अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सही एवं त्वरित प्रतिक्रिया देने की क्षमता विकसित करना था। इस अवसर पर सीआईएसएफ के प्रशिक्षित कर्मियों द्वारा विद्यार्थियों को आग लगने के संभावित कारणों, उससे बचाव के उपायों एवं प्राथमिक अग्निशमन तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के अग्निशमन यंत्रों के उपयोग की व्यावहारिक जानकारी भी प्रदान की गई। इसके साथ ही एक एवैक्यूएशन ड्रिल का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों एवं शिक्षकों को आपात स्थिति के दौरान सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से भवन खाली करने का अभ्यास कराया गया। इस अभ्यास के माध्यम से विद्यार्थियों को आपदा के समय घबराने के बजाय सतर्क एवं अनुशासित रहने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर निरीक्षक हरेंद्र सिंह ने बताया कि अग्नि सुरक्षा केवल अग्निशमन कर्मियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने घर एवं विद्यालय में अग्नि सुरक्षा के नियमों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ से कार्य करें। सीआईएसएफ दल द्वारा यह भी बताया गया कि किसी भी आग की घटना के समय संयम बनाए रखना एवं निर्धारित सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी दिखाई तथा अग्नि सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन एवं शिक्षकों द्वारा सीआईएसएफ दल के प्रयासों की सराहना की गई तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की गई। सीआईएसएफ द्वारा अग्नि सेवा सप्ताह के दौरान विभिन्न संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है, ताकि आमजन में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
