हरिद्वार / रूड़की। रुड़की के विनय विशाल अस्पताल में देर रात अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगते ही अस्पताल परिसर में तेजी से धुआं फैलने लगा, जिससे मरीजों और उनके तीमारदारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब आग के कारण अस्पताल की बिजली सप्लाई अचानक ठप हो गई। बिजली बंद होते ही कई जरूरी मशीनें भी बंद हो गईं, जिससे खासकर आईसीयू में भर्ती मरीजों के परिजनों की चिंता बढ़ गई। ऑक्सीजन सपोर्ट और अन्य जीवनरक्षक उपकरणों के बंद होने से कुछ समय के लिए हालात बेहद संवेदनशील हो गए।
हालांकि अस्पताल प्रशासन और स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कर्मचारियों की सूझबूझ और तेजी से की गई कार्रवाई के चलते किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह अस्पताल के फिजियोथैरेपी सेंटर में हुए शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सभी जरूरी उपकरणों को दोबारा सुचारु कर दिया गया है।
