
हरिद्वार। प्रेमनगर आश्रम में वाइब्रेंट उत्तराखंड के तत्वावधान में भारती मीडिया एंड इवेंट प्राइवेट लिमिटेड की ओर से आयोजित चार दिवसीय हिमालयन एमएसएमई एक्सपो के दूसरे दिन शनिवार को छात्रों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न शिक्षण संस्थानों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने एक्सपो में लगे स्टॉलों का भ्रमण कर कृषि, बागवानी, ऑर्गेनिक उत्पादों, स्टार्टअप और एमएसएमई क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं।
एक्सपो के दूसरे दिन रानीपुर विधायक आदेश चौहान भी पहुंचे। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और कृषि एवं बागवानी से जुड़े उत्पादों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने उद्यमियों, किसानों और उत्पादकों से उनके उत्पादों तथा कारोबार से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की।
एक्सपो में तेलंगाना के फल-फूल से तैयार उत्पाद और सिक्किम के ऑर्गेनिक उत्पादों से तैयार शरबत सहित विभिन्न राज्यों के उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। छात्रों ने विशेष रूप से ऑर्गेनिक खेती, आधुनिक कृषि तकनीक और कृषि आधारित स्वरोजगार की संभावनाओं को लेकर जानकारी हासिल की।
इस अवसर पर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि इस तरह के आयोजन स्थानीय उत्पादों, कारीगरों, किसानों और छोटे उद्यमियों को बड़ा मंच उपलब्ध कराने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र रोजगार सृजन के साथ-साथ देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। युवाओं को केवल नौकरी तलाशने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि रोजगार देने वाला बनने की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए।
आयोजक भारत बालियान ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। छोटे उद्योग स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय संसाधनों और उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हिमालयन एमएसएमई एक्सपो का उद्देश्य देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले उद्यमियों, किसानों, उत्पादकों और खरीदारों को एक मंच पर लाना है। युवाओं को सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों की ओर आकर्षित कर उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
एक्सपो में छात्रों की सक्रिय भागीदारी से आयोजकों में भी उत्साह देखने को मिला। कृषि, ऑर्गेनिक उत्पाद और स्थानीय उद्यमों को लेकर युवाओं की बढ़ती रुचि को आयोजकों ने भविष्य में स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए सकारात्मक संकेत बताया।
हिमालयन एमएसएमई एक्सपो के दूसरे दिन कृषि एवं बागवानी उत्पादों के साथ-साथ स्थानीय और ऑर्गेनिक उत्पादों ने लोगों का ध्यान खींचा। वहीं, छात्रों और युवाओं की भागीदारी ने एक्सपो को नई ऊर्जा दी।










