
हरिद्वार। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में लगातार उत्साह बना हुआ है। हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में बनाए गए यात्री पंजीकरण केंद्र पर सोमवार को देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने यात्रा के लिए अपना पंजीकरण कराया। प्रशासन की सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं और त्वरित प्रक्रिया के चलते यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
सोमवार को कुल 14,628 यात्रियों ने चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण कराया। इनमें यमुनोत्री धाम के लिए 3,165, गंगोत्री धाम के लिए 3,201, केदारनाथ धाम के लिए 4,088 तथा बद्रीनाथ धाम के लिए 4,174 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया। वहीं सोमवार को हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए कोई पंजीकरण नहीं हुआ।
प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार ऋषिकुल मैदान स्थित पंजीकरण केंद्र से अब तक कुल 01 लाख 94 हजार 172 यात्रियों का चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण किया जा चुका है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के बावजूद केंद्र पर व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित होती दिखाई दीं।
यात्रियों ने भी प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि पंजीकरण प्रक्रिया काफी सरल और व्यवस्थित है। श्रद्धालुओं का कहना है कि काउंटरों की पर्याप्त संख्या, कर्मचारियों का सहयोगात्मक व्यवहार और सुरक्षा व्यवस्थाओं के चलते उन्हें सुविधा मिल रही है।
चारधाम यात्रा को सफल एवं सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभाग लगातार समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। यात्रा सीजन के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पंजीकरण केंद्रों पर अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं, ताकि यात्रियों को समय पर सुविधा मिल सके।
