
हरिद्वार। जिला महानगर कांग्रेस कमेटी हरिद्वार एवं म्यूनिसिपल बोर्ड कर्मचारी यूनियन द्वारा रविवार को यूनियन भवन में प्रेस क्लब हरिद्वार की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को अंगवस्त्र, फूलों के बुके और पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में लगातार दूसरी बार प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष निर्वाचित हुए धर्मेन्द्र चौधरी को उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों और कांग्रेस नेताओं ने हार्दिक बधाई दी। वक्ताओं ने इसे उनकी सक्रिय कार्यशैली, निष्पक्ष नेतृत्व और पत्रकार साथियों के भरोसे का परिणाम बताया।
जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज के हर वर्ग की आवाज़ को मजबूती से उठाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रेस क्लब हरिद्वार जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को और प्रभावी ढंग से उठाएगा।
स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि प्रेस क्लब ने हमेशा निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता की परंपरा को आगे बढ़ाया है तथा नई टीम इस परंपरा को और सशक्त करेगी।
लगातार दूसरी बार अध्यक्ष बने धर्मेन्द्र चौधरी ने सम्मान के लिए कांग्रेस कमेटी और म्यूनिसिपल बोर्ड कर्मचारी यूनियन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे पत्रकार समाज का सम्मान है। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब हरिद्वार सदैव निष्पक्ष, निर्भीक और जनपक्षीय पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में पत्रकार साथियों के हितों की रक्षा, उनके लिए बेहतर सुविधाओं की व्यवस्था और प्रेस क्लब की संस्थागत मजबूती पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल ने कहा कि नई कार्यकारिणी पूरी टीम भावना के साथ कार्य करेगी। पत्रकारों के अधिकारों, प्रेस की स्वतंत्रता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर मजबूती से आवाज उठाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब को और अधिक सक्रिय, संगठित और पत्रकार हितैषी बनाने के लिए कई नई योजनाओं पर कार्य किया जाएगा।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं निवर्तमान महामंत्री दीपक मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रेस क्लब हरिद्वार ने हमेशा पत्रकार एकता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी अनुभवी और ऊर्जावान साथियों की टीम है, जो पत्रकार हितों के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेगी। उन्होंने धर्मेन्द्र चौधरी के दोबारा अध्यक्ष बनने पर खुशी जताते हुए कहा कि यह पत्रकारों के विश्वास और उनके सफल नेतृत्व की जीत है।
सम्मानित होने वाली कार्यकारिणी के सदस्यों में धर्मेन्द्र चौधरी (अध्यक्ष), सूर्यकांत बेलवाल (महासचिव), दीपक मिश्रा (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), देवेन्द्र शर्मा (उपाध्यक्ष), कुलभूषण शर्मा (सचिव), जोगेन्द्र सिंह मावी (सचिव), काशी राम सैनी (कोष सचिव), तनवीर अली (प्रचार सचिव), मेहताब आलम (सांस्कृतिक सचिव) तथा बालकृष्ण शास्त्री (कार्यालय प्रभारी) शामिल रहे, जिनका समारोह में विशेष रूप से स्वागत और सम्मान किया गया।
इस मौके पर महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजू मिश्रा, पार्षद महावीर वशिष्ठ, हिमांशु गुप्ता, सोहित सेठी, विवेक भूषण विक्की, सुनील कुमार सिंह, नौमान अंसारी, अरशद ख़्वाजा, सुमित त्यागी, रचना शर्मा, नलिनी दीक्षित, शशि झा, पार्षद प्रतिनिधि वसी, पुनीत कुमार, शहाबुद्दीन अंसारी, इमरान मंसूरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन और पत्रकार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम यूनियन भवन में सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां पत्रकारिता और जनसरोकारों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई।
