
हरिद्वार। “आओ करें रक्तदान, किसी की बचेगी जान” अभियान के तहत कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित कर समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया। उत्तराखण्ड की सर्वश्रेष्ठ कोतवाली का खिताब मिलने के उपलक्ष्य में आयोजित इस शिविर में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर कुंदन सिंह राणा और वरिष्ठ उपनिरीक्षक खेमेन्द्र गंगवार की पहल पर आयोजित इस शिविर में क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर की उपस्थिति भी रही। कार्यक्रम के दौरान कुल 50 लोगों ने रक्तदान किया, जिससे 50 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
आयोजकों ने बताया कि एकत्रित रक्त का उपयोग जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में किया जाएगा। इस मानवीय पहल की स्थानीय लोगों और प्रतिभागियों ने जमकर सराहना की।
ज्वालापुर पुलिस की इस पहल ने न केवल सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया, बल्कि लोगों को रक्तदान के लिए भी प्रेरित किया।
