Home / मुख्य ख़बर / शक्ति नहर में कूदकर लापता महिला का शव बरामद, 24 घंटे बाद एसडीआरएफ को मिली सफलता…

शक्ति नहर में कूदकर लापता महिला का शव बरामद, 24 घंटे बाद एसडीआरएफ को मिली सफलता…

उत्तराखण्ड / देहरादून / विकासनगर। देहरादून के विकासनगर क्षेत्र की शक्ति नहर में दो मासूम बच्चियों के साथ कूदकर लापता हुई महिला का शव आखिरकार एसडीआरएफ ने करीब 24 घंटे चले सर्च ऑपरेशन के बाद बरामद कर लिया। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। वहीं, महिला की दोनों बच्चियां सुरक्षित हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों की सूझबूझ और तत्परता से बचा लिया गया था।
जानकारी के अनुसार 16 मई को डाकपत्थर क्षेत्र स्थित शक्ति नहर पुल नंबर-01 के पास एक महिला अपनी दो बेटियों के साथ नहर में कूद गई थी। आसपास मौजूद लोगों ने बच्चियों को नहर में बहते देख तुरंत रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों बच्चियों में एक की उम्र लगभग 03 वर्ष जबकि दूसरी मासूम की उम्र करीब 03 माह बताई गई है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही विकासनगर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में एसडीआरएफ ने नहर किनारे संभावित स्थानों पर लगातार युद्धस्तर पर सर्च अभियान चलाया। स्थानीय पुलिस और अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर पूरी रात और अगले दिन भी तलाश जारी रखी गई।
रविवार को एसडीआरएफ टीम को ढकरानी पावर हाउस के समीप महिला का शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान 28 वर्ष निवासी ग्राम जाखन विनरहार, हाल पता मंडी चौक विकासनगर के रूप में हुई है। शव को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया गया है।
फिलहाल महिला द्वारा यह कदम उठाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!