Home / मुख्य ख़बर / रोहालकी किशनपुर में आर्य समाज का स्वच्छता अभियान, तालाब किनारे की साफ-सफाई कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश…

रोहालकी किशनपुर में आर्य समाज का स्वच्छता अभियान, तालाब किनारे की साफ-सफाई कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश…

हरिद्वार। हरिद्वार जनपद के रोहालकी किशनपुर गांव में रविवार को आर्य समाज रोहालकी द्वारा तालाब किनारे स्वच्छता अभियान चलाया गया। गांव के तालाब के आसपास फैली गंदगी को देखते हुए आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर स्वच्छता का संकल्प लिया।
आर्य समाज मंदिर में प्रतिदिन संचालित योग और आध्यात्मिक चिंतन कार्यक्रमों के क्रम में आचार्य संजीव सनातनी के नेतृत्व में युवाओं को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। उन्होंने युवाओं से वृक्षों की रक्षा करने और पॉलीथिन के उपयोग को कम से कम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि पॉलीथिन का उपयोग करना भी पड़े तो उसे एक बार इस्तेमाल के बाद फेंकने के बजाय बार-बार प्रयोग में लाया जाए, ताकि पर्यावरण पर उसका दुष्प्रभाव कम हो सके।
आर्य समाज के प्रधान एवं मंत्री धीरेंद्र आर्य ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश और समाज का भविष्य हैं। यदि आज की पीढ़ी अपने आचरण को सुधार ले तो आने वाला कल स्वतः बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक सहभागिता के माध्यम से स्वच्छता अभियान चलाना आर्य समाज की प्राथमिकता है और गांव के युवाओं को सकारात्मक दिशा देना उनका उद्देश्य है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में ऐसे युवाओं की एक सशक्त टोली तैयार होगी, जो नशा, दुर्व्यसन और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर समाज के लिए रोल मॉडल बनेगी।
इस अवसर पर हिमांशु चौहान, प्रियांशु चौहान, आयुष चौहान, हर्ष चौहान, निक्की शर्मा, अभिषेक चौहान, वैदिक चौहान सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई और तालाब क्षेत्र की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!