अखिल भारतीय सनातन परिषद् ने किया पाकिस्तानी हिन्दूओं का स्वागत, बरसी महोत्सव में पाकिस्तानी हिन्दू श्रद्धालुओं का जत्था…

हरिद्वार / सुमित यशकल्याण।

हरिद्वार। शदाणी दरबार के सप्तम पीठाधीश्वर संत राजाराम साहिब की 63वीं बरसी पर आयोजित महोत्सव में शामिल होने के लिए पाकिस्तान के सिंध प्रांत से 307 हिन्दू श्रद्धालुओं का जत्था शनिवार को हरिद्वार पहुंच गया। शदाणी दरबार में अखिल भारतीय सनातन परिषद की ओर से श्रद्धालुओं का पटका पहनाकर और फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालु प्रतिभाग करेंगे।

उत्तरी हरिद्वार में सप्तसरोवर स्थित शदाणी दरबार में संत राजाराम साहिब की 63वीं बरसी पर तीन दिवसीय महोत्सव का आयोजन किया गया है। शनिवार को कार्यक्रम की शुरुआत हो गई। जिसमें पाकिस्तान सिंध प्रांत से हिंदू श्रद्धालु शदाणी दरबार पहुंचे हैं। शदाणी दरबार के नवम पीठाधीश्वर डॉक्टर संत युधिष्ठिर लाल ने कहा कि पाकिस्तान से हर साल श्रद्धालुओं का जत्था शदाणी दरबार में आता है। पाकिस्तान में स्थित सिंध क्षेत्र में करीब 310 साल पहले 1708 में स्थापित की गई थी तब से भारत और पाकिस्तान के सिंध प्रांत के बीच रिश्ता बना हुआ है। अप्रैल में पाक से श्रद्धालुओं का जत्था भारत भ्रमण के लिए आता है। कई बार साल में दो बार भी पाकिस्तानी यात्रियों को भारत की यात्रा कराई जाती है। यह श्रद्धालु पाकिस्तान से सिंधु नदी का जल लेकर भारत आते हैं और यहां गंगाजल में सिंधु नदी के जल को मिलाकर दोनों नदियों का मेल कराते हैं। यह कार्य अपनी संस्कृति को जीवंत करने की दिशा में वर्ष 1976 में हुए इंडो पाक समझौते के बाद से चल रहा है।

अखिल भारतीय सनातन परिषद के अंतर्राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि शदाणी दरबार तीर्थ भारत के श्रद्धालुओं को पाकिस्तान और पाकिस्तान में रह रहे हिंदुओं को भारत भ्रमण कराकर सिंधु को गंगा व गंगा को सिंधु में मिलाने का कार्य कर रहा है ये बेहद ही सराहनीय है। भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार के साथ ही यह आध्यात्मिक संस्था जनकल्याण के अनेक कार्यों को शदाणी दरबार करता आ रहा है। पाकिस्तानी हिन्दू पाकिस्तान में रह कर सनातन धर्म की अलख निरन्तर जलाये हुए हैं। प्रदेश अध्यक्ष दिनेश कुमार शर्मा ने कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति की खासियत ही ये है कि इसके प्रति हर किसी को आकर्षित हो जाता है। वर्षों से शदाणी दरबार भारत और पाक की अध्यात्मिक यात्रा का सेतु बना है। गंगा और सिंधु नदी का मेल करा रहा है।

स्वागत करने वालों में अंतर्राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार बत्रा, स्वामी सतीश वन, अविक्षित रमन, महामंत्री पुरषोत्तम शर्मा, सचिव सतीश वन, प्रदेश अध्यक्ष दिनेश कुमार शर्मा, मानवेंद्र सिंह, वासु सिंह आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!