Home / मुख्य ख़बर / कांवड़ मेला सकुशल संपन्न होने पर अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने किया डीएम और एसएसपी को सम्मानित…

कांवड़ मेला सकुशल संपन्न होने पर अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने किया डीएम और एसएसपी को सम्मानित…

हरिद्वार। कांवड़ मेला सकुशल संपन्न होने पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ.रविंद्रपुरी महाराज, निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी और अखाड़े के अन्य संतों ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर का रूद्राक्ष की माला एवं पगड़ी पहनाकर तथा माता की प्रतिमा भेंटकर सम्मानित किया और आशीर्वाद प्रदान किया। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ.रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला कांवड़ मेला विश्व की सबसे धार्मिक यात्रा है। जिसमें करोड़ों श्रद्धालु शामिल होते हैं। इतने विशाल आयोजन को कुशलतापूर्वक संपन्न कराना बेहद चुनौतीपूर्ण है। डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह ने प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जिस प्रकार कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराया है। उसके लिए दोनों अधिकारी साधुवाद और आशीर्वाद के पात्र हैं। श्रीमहंत रामरतन गिरी महाराज ने कहा कि डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह अनुभवी अधिकारी हैं। दोनो अधिकारियों ने जिस प्रकार स्वयं ग्राउंड पर रहकर व्यवस्थाओं को संभाला और विशाल कांवड़ मेले को सकुशल संपन्न कराया। वह अत्यंत सराहनीय है। डीएम और एसएसपी के अनुभव और प्रशासनिक कौशल का लाभ कांवड़ियों के साथ स्थानीय जनता को भी मिला। शहर में यातायात सामान्य रहा। कहीं जाम की स्थिति नहीं बनी। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों के अनुभव का लाभ आगे भी जनपद की जनता को मिलता रहेगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने कहा कि संत समाज और स्थानीय जनता के सहयोग से ही विशाल कांवड़ मेला सकुशल संपन्न हो सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!