Home / मुख्य ख़बर / गंगा में डुबकी लगाते ही तेज धारा में बहा कांवड़िया, मचा हड़कंप, तलाश जारी…

गंगा में डुबकी लगाते ही तेज धारा में बहा कांवड़िया, मचा हड़कंप, तलाश जारी…

हरिद्वार। हरिद्वार में चल रहे कांवड़ मेले में हादसे भी हो रहे हैं। रविवार को हरकी पैड़ी के पास धनुष पुल के नीचे गंगा स्नान के दौरान एक कांवड़िया तेज बहाव की चपेट में आकर गहरे पानी में समा गया। कांवड़िया रेलिंग के बाहर खड़े होकर गंगा में डुबकी लगा रहा था। जैसे ही उसने पानी में छलांग लगाई, तेज धारा उसे अपने साथ बहाकर ले गई। आसपास मौजूद शिवभक्त कुछ समझ पाते, इससे पहले ही कांवड़िया पानी में लापता हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलते ही जल पुलिस की और पीएसी राहत बचाव की टीम मौके पर पहुंची और गंगा में कांवड़िए की तलाश शुरू कर दी। जल पुलिस के जवान बोट और अन्य संसाधनों की मदद से कांवड़िए की तलाश में जुटे हैं। साथ ही पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद लोगों से कांवड़िए के संबंध में जानकारी जुटा रहे हैं। मामले जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान मौके पर मौजूद एक शिवभक्त वीडियो बना रहा था और उसने कांवड़िए के गंगा में डूबने का वीडियो भी बना लिया। कांवड़ मेले के दौरान गंगा में डूबने की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। इससे पहले भी अलग अलग घटनाओं में 07 कांवड़िए गंगा में डूब चुके हैं। अब तक कांवड़ मेला अवधि में तीन अलग अलग घटनाओं में चार कांवड़ियों की डूबने से मौत हो चुकी है। एक दिन पहले भी चंडीघाट पर दो कांवड़िए डूबकर लापता हो गए थे, जिनकी तलाश जारी है।
सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि धनुष पुल के पास गंगा डूबे कांवड़िए की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है। उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। कांवड़ियों से अपील है कि नियमों का पालन करते हुए ही गंगा में स्नान करें। स्नान प्रतिबंधित घाटों की ओर न जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!