
हरिद्वार। हरिद्वार स्थित एसएमजेएन कॉलेज परिसर में 12 मार्च को युवा संसद 2026 का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘माय भारत’ पोर्टल और महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए कॉलेज प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं तथा इसके लिए एक विशेष समिति का गठन भी किया गया है।
उन्होंने बताया कि ‘माय भारत’ पोर्टल पर पंजीकृत 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवा इस युवा संसद में भाग ले सकेंगे। प्रतिभागी हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा में अपने विचार प्रस्तुत करेंगे और प्रत्येक प्रतिभागी को अपने विचार रखने के लिए अधिकतम तीन मिनट का समय दिया जाएगा।
प्रतिभागियों का मूल्यांकन निर्णायक मंडल द्वारा विषय की समझ, तार्किक विश्लेषण, संवैधानिक मूल्यों की जानकारी और प्रभावी अभिव्यक्ति के आधार पर किया जाएगा। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा संसद में भाग लेने का अवसर मिलेगा, जबकि राज्य स्तर पर चयनित युवा राष्ट्रीय स्तर पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संवाद के माध्यम से युवाओं के विचारों को मंच प्रदान करना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है।
