
हरिद्वार। गुरुवार को एसएमजेएन पीजी कॉलेज में जिला स्तरीय प्रतियोगिता-युवा संसद 2026 का आयोजन किया गया। युवा संसद का यह आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘माय भारत’ तथा महाविद्यालय के संयुक्त तत्वाधान में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि, निर्णायक मंडल तथा महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा दीप प्रज्वलन से की गयी। कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्रा चारु द्वारा सरस्वती वंदना की सुंदर प्रस्तुति दी गई जिसके पश्चात संगीत विभाग की प्राध्यापिका अमिता मल्होत्रा ने महाविद्यालय के कुल गीत का मनमोहक गायन किया। युवा संसद में जिला हरिद्वार के ‘माय भारत’ पोर्टल पर पंजीकृत 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने प्रतिभाग किया और युवा संसद की थीम ‘आपातकाल के 50 वर्ष, भारतीय लोकतंत्र के लिए सीख’ पर अपने विचार प्रस्तुत किये। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व मेयर हरिद्वार मनोज गर्ग ने कहा कि आज का युवा न केवल देश के बीते कालखंड की जानकारी रखता हैं अपितु देश के वर्तमान में अपना योगदान देकर भविष्य के सशक्त तथा विकसित भारत के प्रति समर्पित है। युवा संसद में प्रतिभागियों को सम्बोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि आज जब हम भारत की युवा पीढ़ी के विचारो को सुनते हैं तो हम गौरवान्वित महसूस करते हैं कि आने वाले समय में यही प्रतिभाएं भारत का विश्व पटल पर प्रतिनिधित्व करती नज़र आएँगी। प्रो. बत्रा ने विजयी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपकी गुणवत्ता और निरंतरता ही आपके व्यक्तित्व को शिखर पर पहुंचाने का कार्य करेगी। इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय कुमार माहेश्वरी ने कहा कि आपातकाल को यदि व्यक्तिगत हितों के लिए लगाया जाता है तो लोकतंत्र पर इसे प्रहार के रूप में देखा जाता हैं। उन्होंने आपातकाल के अच्छे और बुरे दोनों प्रभावों की ओर सभी का ध्यान केंद्रित किया। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका का निर्वहन उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के रामरतन खंडेलवाल, आदर्श बाल सदन के प्राचार्य धर्मेंद्र चौहान, वरिष्ठ पत्रकार संदीप रावत, दिव्य फार्मेसी की मैनेजर राधिका नागरथ तथा महाविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष विनय थपलियाल ने किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान राहुल सिंह कार्की, द्वितीय स्थान मान्या रावत, तृतीय स्थान साम्भवी श्रुति, चतुर्थ स्थान मोहन श्याम जबकि साक्षी राणा पांचवे स्थान पर रही। प्रथम स्थान पर रहे राहुल सिंह कार्की ने “आपातकाल ने नक्शा बदल दिया था” नामक कविता के माध्यम से अपने विचार रखे। द्वितीय स्थान पर रही मान्या रावत ने इतिहास की भूलों को करने के बजाय सीखने पर बल दिया। तृतीय स्थान पर रही शांभवी श्रुति ने “सिंहासन खाली करो जनता आती है” कविता के द्वारा अपने विचारों को प्रस्तुत किया । चतुर्थ स्थान पर रहे मोहन श्याम ने कहा जब शब्दों पर पहरा हो तब लोकतंत्र पर खतरा है। पांचवें स्थान पर रही साक्षी राणा ने अब्राहम लिंकन की लोकतंत्र की परिभाषा” लोकतंत्र जनता का जनता के लिए जनता के द्वारा शासन है” के द्वारा अपने विचार रखें। सभी विजेताओं को पुष्प गुच्छ, ट्रॉफी तथा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम पर्येवेक्षक धरम सिंह रावत ने बताया कि आज जिला स्तर पर चयनित इन पांच युवाओ को राज्य स्तरीय युवा संसद में भाग लेने का अवसर मिलेगा, और राज्य स्तर पर चयनित युवा राष्ट्रीय स्तर पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम में मंच संचालन पूर्णिमा सुंदरियाल तथा पल्लवी ने किया। युवा संसद में अंजलि सैनी, तनीषा, अर्शिका, रमन यादव, अंजलि, रिया कश्यप, तान्या, नैंसी नाथ आदि प्रतिभागियों ने भाग लिया।
