
हरिद्वार। स्वामी दर्शनानंद इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (एसडीआईएमटी) के एमबीए, बीबीए एवं बीसीए प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने भगतनपुर स्थित ग्रेट व्हाइट ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड का शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने औद्योगिक इकाई के संचालन और विभिन्न उत्पादों की निर्माण प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की।
संस्थान की निदेशक डॉ. जयलक्ष्मी ने बताया कि विद्यार्थियों को समय-समय पर विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का शैक्षणिक भ्रमण कराया जाता है। इसका उद्देश्य उन्हें किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है, ताकि भविष्य में उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने अथवा औद्योगिक क्षेत्र में कार्य करने में मदद मिल सके।
इस अवसर पर कोऑर्डिनेटर अंकुर एवं मेघा ने विद्यार्थियों को औद्योगिक भ्रमण के उद्देश्य और महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं, ग्रेट व्हाइट ग्लोबल के प्लांट हेड देबांशु पुराकायस्थ ने छात्र-छात्राओं को फैक्ट्री के संचालन, उत्पादन प्रक्रिया और कंपनी की कार्यप्रणाली से अवगत कराया।
उन्होंने बताया कि ग्रेट व्हाइट ग्लोबल का एक अन्य प्लांट गुजरात के वलसाड में भी संचालित है। दोनों इकाइयों में पंखे, स्विच, सॉकेट और एमसीबी सहित विभिन्न विद्युत उपकरणों का उत्पादन किया जाता है।
औद्योगिक भ्रमण में प्रिंस, प्रियांशु, वंश गोयल, दिव्या रावत, निधि, वंश, कृष्णा सैनी, उदय, तन्मय, अनुज, अन्नन्या, सौम्या, दिव्या नैगी, चांदनी राय, तनु नेगी, अंकिता, समीक्षा, वैश्णवी, धीरज, तान्या, ईशा सहित अन्य छात्र-छात्राएं शामिल रहे।













