
हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला 2027 में रेड़ी-पटरी के लघु व्यापारियों को अलग से वेंडिंग जोन के रूप में व्यवस्थित व स्थापित किए जाने की मांग को लेकर लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा के नेतृत्व में मंगलवार को सुभाष घाट से जन आक्रोश न्याय रैली निकाली गई। रैली में नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न लघु व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि भारी संख्या में शामिल हुए।
रैली का शुभारंभ नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद रैली बड़ा बाजार, मोती बाजार, राम बाजार, भल्ला रोड व अपर रोड से होते हुए वाल्मीकि चौक पहुंची, जहां लघु व्यापारियों की सभा आयोजित की गई। रैली के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ईमेल द्वारा ज्ञापन भी प्रेषित किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए संजय चोपड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर योजना के तहत कुंभ मेला 2027 में रेड़ी-पटरी के लघु व्यापारियों को सुव्यवस्थित किया जाना न्यायसंगत है। उन्होंने बताया कि पूर्व में महाकुंभ 2021 के दौरान नगरी फेरी नीति नियमावली के अनुसार मेला प्रशासन के निर्देश पर नगर निगम ने लघु व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर व्यवस्थित किया था। इसी तर्ज पर कुंभ मेला 2027 में सार्वजनिक स्थलों व अखाड़ों के आसपास फुटकर फल-सब्जी व भोजनालय के स्ट्रीट वेंडर्स के लिए वेंडिंग जोन बनाए जाने से नई व स्वच्छ व्यवस्था स्थापित होगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मेला प्रशासन ने शीघ्र मांगों पर विचार नहीं किया तो जन आक्रोश न्याय रैली को आगे भी जारी रखा जाएगा।
रैली को संरक्षक पंडित चंद्र प्रकाश शर्मा, जिला अध्यक्ष राजकुमार सहित मनोज मंडल, दिलीप गुप्ता, विकास सक्सेना, शिव चौहान, शुभम सैनी, राजू जैन, महेंद्र सैनी, शिवकुमार, मोनू तोमर, पंडित कमल शर्मा, नंदकिशोर गोस्वामी, नीरज कश्यप, मोहनलाल, फूलसिंह, सुनील कुकरेती, ओम प्रकाश भाटिया, रणवीर चौधरी, नीतिश अग्रवाल, धर्मपाल, चंदन सिंह, ओमप्रकाश कल्याण, सचिन राजपूत, प्रभात चौधरी, वीरेंद्र सहित महिला प्रतिनिधियों पूनम माखन, पुष्पा दास, सुनीता चौहान, मंजू पाल, सीमा व माया देवी ने संबोधित किया। रैली में बड़ी संख्या में लघु व्यापारी मौजूद रहे।
