Home / बिज़नेस / घटते व्यापार पर हरिद्वार के व्यापारियों की चिंता, सरकार से विशेष पैकेज की मांग…

घटते व्यापार पर हरिद्वार के व्यापारियों की चिंता, सरकार से विशेष पैकेज की मांग…

हरिद्वार। चारधाम यात्रा शुरू होने के बावजूद धर्मनगरी हरिद्वार में गिरते व्यापार को लेकर व्यापारी संगठनों में चिंता बढ़ती जा रही है। इसी क्रम में पुरानी बड़ी सब्जी मंडी कार्यालय में कृषि उत्पादन मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष संजय चोपड़ा की अध्यक्षता में एक चिंतन बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन मोती बाजार व्यापार मंडल के महामंत्री राजेश खुराना ने किया।
बैठक में विभिन्न व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ईमेल के माध्यम से मांग भेजते हुए हरिद्वार के लिए विशेष पर्यटन पैकेज घोषित करने की मांग उठाई। व्यापारियों का कहना है कि तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए सरकार को एडवेंचर ट्रैकिंग, नौका विहार और हेलीकॉप्टर यात्रा जैसी सुविधाएं विकसित करनी चाहिए।
संजय चोपड़ा ने कहा कि हरिद्वार में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष पैकेज की घोषणा जरूरी है। उन्होंने मनसा देवी और चंडी देवी क्षेत्र में ट्रैकिंग की संभावनाओं को विकसित करने और गंग नहरों को भी पर्यटन योजनाओं से जोड़ने की आवश्यकता बताई।
वहीं राजेश खुराना ने कहा कि मोती बाजार, बड़ा बाजार, विष्णु घाट, जोधामल रोड और सब्जी मंडी जैसे प्रमुख बाजारों के व्यापारी लगातार घटते व्यापार से परेशान हैं। उन्होंने ऋषिकेश की तर्ज पर हरिद्वार को भी पर्यटन योजनाओं में प्राथमिकता देने की मांग की।
बैठक में सुधीर कुमार भारद्वाज, राहुल वर्मा, अवधेश कोटियाल, संजय बंसल, राजू गुप्ता, शिव सिंह, राधेश्याम रतूड़ी, सुंदरलाल राजपूत, फूल सिंह और सनी कुमार वर्मा सहित कई व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!