
हरिद्वार। रेड़ी-पटरी के स्ट्रीट वेंडर्स और लघु व्यापारियों ने एलपीजी गैस की कालाबाजारी और समय पर गैस सिलेंडर न मिलने की समस्या को लेकर चंडी चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व लघु व्यापारी एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने किया।
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने हाथों में एलपीजी गैस सिलेंडर लेकर शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और मांग की कि फुटपाथ पर खाने-पीने की सामग्री बेचने वाले स्ट्रीट वेंडर्स के लिए एलपीजी गैस का अलग कोटा निर्धारित किया जाए, ताकि उन्हें समय पर गैस उपलब्ध हो सके और उनका व्यापार प्रभावित न हो।
इस मौके पर संजय चोपड़ा ने कहा कि रेड़ी-पटरी के स्ट्रीट वेंडर्स को समय से एलपीजी गैस नहीं मिल पा रही है, जिससे उनके रोजगार पर सीधा असर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाजार में गैस की कालाबाजारी हो रही है, जिस पर रोक लगाने के लिए शासन-प्रशासन को विशेष निगरानी समिति का गठन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार को स्ट्रीट फूड बेचने वाले वेंडर्स के लिए प्राथमिकता के आधार पर गैस सप्लाई सुनिश्चित करते हुए अलग कोटा निर्धारित करना चाहिए, जिससे छोटे व्यापारियों को राहत मिल सके।
प्रदर्शन में राजकुमार, कमल, प्रताप सिंह चौहान, शशिकांत, सुनील कुकरेती, लालचंद, विजय गुप्ता, भोला यादव, कपिल कुमार, मोहनलाल, मुन्ना सिंह, जय सिंह, चंदन रावत, सोनू, नईम, कामिल, श्याम कुमार, फूल सिंह, सुशांत बंगाली, सुमन गुप्ता, आशा देवी, कामिनी मिश्रा, मंजू पाल और सुनीता चौहान समेत कई लघु व्यापारी मौजूद रहे।
