Home / मुख्य ख़बर / उत्तरकाशी अग्निकांड पीड़ितों के लिए शांतिकुंज ने बढ़ाए मदद के हाथ, राहत सामग्री लेकर रवाना हुआ सेवा दल…

उत्तरकाशी अग्निकांड पीड़ितों के लिए शांतिकुंज ने बढ़ाए मदद के हाथ, राहत सामग्री लेकर रवाना हुआ सेवा दल…

हरिद्वार। उत्तरकाशी जिले के मोरी क्षेत्र के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए शांतिकुंज परिवार आगे आया है। संकट की इस घड़ी में पीड़ितों को राहत और संबल पहुंचाने के उद्देश्य से शांतिकुंज ने करीब 100 प्रभावित परिवारों के लिए आवश्यक सामग्री भेजी है। देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने राहत दल को झंडी दिखाकर उत्तरकाशी के लिए रवाना किया।
राहत सामग्री में चावल, आटा, खाद्य तेल, कपड़े, कंबल, तिरपाल सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं। इसके साथ ही बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए कॉपी, पेन, पेंसिल तथा जरूरत की कुछ दवाइयां भी भेजी गई हैं। संस्था की अधिष्ठात्री शैलदीदी से आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त कर सेवा दल डॉ. चिन्मय पण्ड्या के मार्गदर्शन में रवाना हुआ।
इस अवसर पर डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि गायत्री परिवार आपदा और विपदा के समय सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदना के साथ जरूरतमंदों के बीच खड़ा रहा है। पवाणी गांव के प्रभावित परिवारों की सहायता का यह प्रयास इसी सेवा परंपरा का हिस्सा है। हमारा प्रयास है कि संकट से जूझ रहे परिवारों को आवश्यक सहायता के साथ मानसिक संबल भी मिले और वे फिर से सामान्य जीवन की ओर लौट सकें। उन्होंने कहा कि दु:ख की घड़ी में एक-दूसरे का साथ देना ही सच्ची मानवीय संवेदना और सेवा का भाव है। ऐसे समय में समाज के सामूहिक सहयोग से प्रभावित परिवारों को कठिन परिस्थितियों से उबरने की शक्ति मिलती है।
अग्निकांड के कारण प्रभावित परिवारों के सामने आवास, भोजन और बच्चों की पढ़ाई सहित कई चुनौतियां खड़ी हो गई हैं। ऐसे में शांतिकुंज परिवार की यह पहल उन्हें जरूरी सहायता पहुंचाने के साथ यह भरोसा दिलाने का प्रयास है कि संकट की इस घड़ी में वे अकेले नहीं हैं। राहत दल में संतोष कुमार, घनश्याम देवांगन, अरुण, पुन्नुराम सहित 12 सदस्य शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!