
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 के आयोजन से पहले गंगा घाटों पर फूल-प्रसाद, बिंदी और चूड़ी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करने वाले लघु व्यापारियों ने अपने कारोबार को व्यवस्थित करने के लिए वेंडिंग जोन बनाए जाने की मांग उठाई है। इसी मांग को लेकर लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा के नेतृत्व में महिला स्ट्रीट वेंडर्स एवं लघु व्यापारियों ने ललतारों घाट पर एकत्र होकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने विष्णु सेतु से ललतारों घाट तक गंगा किनारे वर्षों से कारोबार कर रहे सभी लघु व्यापारियों को कुंभ मेला-2027 से पहले वेंडिंग जोन के रूप में व्यवस्थित कर स्थापित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन द्वारा वर्ष 2018 में गंगा के विभिन्न घाटों पर स्ट्रीट वेंडर्स का सर्वे कराया गया था। सर्वे सूची के अनुसार नगर निगम में पंजीकृत सभी रेड़ी-पटरी के लघु व्यापारियों को उत्तराखंड नगरीय फेरी नीति नियमावली के तहत स्वरोजगार के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
इस अवसर पर लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने कहा कि गंगा घाटों पर फूल-प्रसाद, बिंदी और चूड़ी बेचकर आजीविका चलाने वाले लघु व्यापारी लंबे समय से वेंडिंग जोन बनाए जाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन नगर निगम की लापरवाही के कारण उन्हें अब तक उचित स्थान नहीं मिल पाया है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि कुंभ मेला-2027 से पहले सभी पंजीकृत लघु व्यापारियों को व्यवस्थित रूप से कारोबार करने के लिए स्थान दिया जाना जरूरी है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो गंगा घाटों पर कारोबार करने वाले सभी लघु व्यापारियों को संगठित कर नगर निगम का घेराव किया जाएगा और अपनी मांगों को न्यायपूर्ण तरीके से उठाया जाएगा।
प्रदर्शन में कामिनी मिश्रा, बबीता देवी, इंदिरा देवी, सुनीता चौहान, पुष्पा दास, सुमित्रा, मंजू पाल, सीमा, आशा, आदेश गुप्ता, मोहनलाल, ओमप्रकाश, चंदन दास, गोपाल कृष्ण, प्रभात, वीरेंद्र, राजू और चंदन रावत सहित अनेक लघु व्यापारी शामिल रहे।












